हापुड़ में बिजली संकट से हाहाकार, महिलाओं ने बिजली घर घेरा; कर्मचारियों को बंधक बनाया
हापुड़ के रफीकनगर में चार दिन से बिजली कटौती से परेशान लोगों, खासकर महिलाओं ने दिल्ली रोड बिजली घर पर जमकर हंगामा किया। ...और पढ़ें
-1780141632917_m.webp)
महिलाओं ने पावर स्टेशन पर कब्जाया। जागरण
HighLights
हापुड़ में चार दिन से बिजली कटौती से लोग परेशान।
महिलाओं ने दिल्ली रोड बिजली घर पर जमकर प्रदर्शन किया।
ओवरलोड ट्रांसफार्मर और अधिकारियों की अनदेखी से गुस्सा।
संवाद सहयोगी, हापुड़। चार दिन से बिजली सुचारू नहीं मिलने पर एक बार फिर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को मोहल्ला रफीकनगर की महिलाएं और पुरुष एकत्र होकर दिल्ली रोड बिजली घर पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
हालात ऐसे बन गए कि बिजली घर में मौजूद कर्मचारी इधर-उधर छिपते नजर आए। महिलाओं ने कर्मचारियों के कमरे का घेराव कर करीब डेढ़ घंटे तक धरना दिया।
अशफाक सैफी, इमरान, रहिसुद्दीन, अजीम, इकबाल और शादाब ने बताया कि मोहल्ले में करीब 300 परिवार रहते हैं। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर बिजली संकट ने त्योहार का उत्साह फीका कर दिया। दूर-दराज से आने वाले रिश्तेदार भी बिजली समस्या के कारण नहीं पहुंच सके।
लोगों का आरोप है कि पांच दिन में तीन बार ट्रांसफार्मर फूंक चुका है, लेकिन ऊर्जा निगम के अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि शासन स्तर से त्योहार पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के आदेश दिए गए थे, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। भीषण गर्मी में बिजली नहीं आने से छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। पेयजल संकट भी गहरा गया है, जिससे कुर्बानी की तैयारियों पर भी असर पड़ा है।
चक्कर आने से गिरा युवक
बिजली घर पर प्रदर्शन के दौरान एक युवक अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभाला और पास के चिकित्सक के यहां उपचार के लिए पहुंचाया। इससे पावर स्टेशन के साथ ही निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
खबरें और भी
400 केवी के ट्रांसफार्मर पर दोगुना लोड
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले में लगा 400 केवी का ट्रांसफार्मर क्षमता से दोगुना यानी करीब 800 केवी का लोड झेल रहा है। इसी वजह से बार-बार ट्रांसफार्मर फूंक रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी स्थायी समाधान नहीं कर रहे।
जिम्मेदारों ने नहीं उठाया फोन
स्थानीय सभासद व क्षेत्र के लोगों ने बताया कि हंगामे के दौरान उन्होंने कई बार ऊर्जा निगम अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने काल रिसीव नहीं की। कोई भी न तो सही जानकारी देने को तैयार है और न ही उपभोक्ताओं की परेशानी सुनने को। मौके पर पहुंचे एसडीओ ने लोगों को समझाया और जल्द ही सुचारू सप्लाई का भरोसा दिया। उसके बाद उनका आक्रोश शांत हो सका।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता सचिव द्विवेदी ने बताया कि मोहल्ले में जगह की कमी के कारण दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने में दिक्कत आ रही थी। एसडीओ ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और जल्द दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।