हापुड़ में ट्रैक्टर चालक से 30 हजार की लूट, लाठी-डंडो से पीटा और सिर पर मारी पिस्टल की बट; गंभीर घायल
हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक कुलदीप शर्मा पर लाठी-डंडों से हमला कर 30 हजार रुपये लूट लिए गए। हमले में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गय ...और पढ़ें

हापुड़ में ट्रैक्टर चालक से लूट। फोटो: सांकेतिक
HighLights
ट्रैक्टर चालक पर हमला कर 30 हजार लूटे गए
पीड़ित कुलदीप शर्मा गंभीर रूप से घायल, मेरठ रेफर
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है
केशव त्यागी, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक ने कुछ आरोपितों पर उस पर लाठी डंडों से हमला कर 30 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव मुबारिकपुर सलामतपुर के वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि उसका पुत्र कुलदीप शर्मा उर्फ घासी रविवार शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर-ट्राली से मटर की फसल लेकर खेत से घर लौट रहा था।
ट्राली में करीब 15 मजदूर महिलाएं भी बैठी थीं जिन्हें वह रास्ते में उनके घर छोड़ने जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में करीब छह आरोपितों ने उसे घेर लिया।
सभी आरोपितों के हाथों में लाठी-डंडे और सरिया थे। आरोपितों ने कुलदीप पर अचानक हमला कर दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
इस दौरान आरोपितों ने तमंचे की बट से कुलदीप के सिर पर दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसी बीच हमलावरों ने उसकी जेब में रखे करीब 30 हजार रुपये भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण घायल कुलदीप को उपचार के लिए हापुड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि कुलदीप के हाथ और पैर की हड्डी टूट गई है। उसके सिर में करीब दस टांके लगाए हैं।
घटना के समय ट्रैक्टर में बैठी मजदूर महिलाएं पूरी वारदात की प्रत्यक्षदर्शी हैं। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।