'दूसरी शादी के लिए मुझे रास्ते से हटाना चाहता है पति', हापुड़ में महिला ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
हापुड़ के सिंभावली में एक विवाहिता ने पति, सास, ननद और देवर पर दूसरी शादी के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता ...और पढ़ें

पति, सास-ननद और देवर पर विवाहिता ने लगाएं गंभीर आरोप। सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
विवाहिता ने पति, सास, ननद, देवर पर गंभीर आरोप लगाए।
पति पर दूसरी शादी हेतु हत्या के प्रयास का आरोप।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
संवाद सहयोगी, हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के तिगरी गांव की एक विवाहिता ने अपने पति, सास, ननद और चचेरे देवर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के तिगरी गांव की पूजा ने बताया कि उसकी शादी 11 जून 2020 को गौतमबुद्धनगर जनपद के दादरी निवासी सौरभ के साथ हुई थी। विवाह के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। आरोप है कि बाद में पति सौरभ अपनी मां संगीता और बहन निधि के कहने पर उसे प्रताड़ित करने लगा।
चचेरे देवर नकुल पर भी गंभीर आरोप
इतना ही नहीं, पति दूसरी शादी करने की फिराक में है और कई बार स्वजन के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी हत्या का प्रयास भी कर चुका है। चचेरे देवर नकुल पर भी विवाहिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत पति और सास से करने पर कार्रवाई करने के बजाय सभी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति सौरभ, सास संगीता, ननद निधि और चचेरे देवर नकुल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।