हापुड़ में स्कूल के वाहनों पर RTO का शिकंजा, नियम तोड़ने पर 4 वैन सीज और 12 के काटे चालान
हापुड़ में परिवहन विभाग ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले चार स्कूल वाहनों को सीज किया गया और ...और पढ़ें
-1783585965450_m.webp)
हापुड़ में स्कूल वाहनों पर आरटीओ का शिकंजा। जागरण
HighLights
हापुड़ में स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान।
नियम उल्लंघन पर चार वाहन सीज, 12 वाहनों का चालान।
बच्चों की सुरक्षा हेतु वैध दस्तावेज, स्कूल संबद्धता अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बुधवार को जिले में विशेष अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
वहीं, अभियान के दौरान चार वाहनों को थाने में सीज कराया गया, जबकि 12 वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही वाहन संचालकों को आवश्यक दस्तावेज पूरे कराने और स्कूल से संबद्धता प्राप्त करके ही व्यावसायिक रूप से वाहन संचालन करने के निर्देश दिए गए।
15 जुलाई तक चलेगा अभियान
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रमेश चौबे ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर ''मिशन सेफ फ्यूचर'' अभियान एक जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जा रहा है।
अभियान के दूसरे चरण में ऐसे स्कूल वाहनों की जांच की जा रही है, जिनसे बच्चों का परिवहन किया जा रहा है, लेकिन वह निर्धारित मानकों या परमिट शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे वाहनों से बच्चों का आवागमन उनकी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
12 अन्य वाहनों के चालान किए गए
बुधवार को हुई जांच के दौरान कई वाहनों में नियमों का उल्लंघन मिलने पर चार वाहनों को थाने में निरुद्ध (सीज) कराया गया, जबकि 12 अन्य वाहनों के चालान किए गए। संबंधित संचालकों को निर्देश दिया गया कि सभी आवश्यक अभिलेख पूर्ण कराकर तथा स्कूल से संबद्धता प्राप्त करने के बाद ही वाहन संचालित करें।
सहायक परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रमेश चौबे ने जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि बच्चों के परिवहन के लिए केवल मानक एवं अधिकृत वाहनों का ही उपयोग सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का नया '3E' अभियान शुरू, अब चालान के साथ पढ़ाया जाएगा सड़क सुरक्षा का पाठ
वहीं, अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को केवल वैध दस्तावेजों और स्कूल से संबद्ध वाहनों से ही स्कूल भेजें, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मानकों से इतर किसी वाहन का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।