विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में रिकॉर्ड खरीदारी, हरदोई में 250 करोड़ से अधिक का कारोबार, सोना-चांदी की भी बंपर बिक्री

Published: Fri, 06 Nov 2026 02:51 PM (IST)

धनतेरस पर हरदोई में 250 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड कारोबार हुआ, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। सोने-चांदी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. हरदोई में धनतेरस पर 250 करोड़ से अधिक का व्यवसाय।

  2. सोना, चांदी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की खूब बिक्री।

  3. हस्त नक्षत्र और शुक्र प्रदोष के शुभ योग में खरीदारी।

जागरण संवाददाता, हरदोई। धनतेरस पर धन के देव कुबेर जिले भर के प्रतिष्ठानों पर जमकर बरसे। चाट की दुकान से लेकर सोने चांदी के शोरूम तक ग्राहकों से पटे रहे। एक दिन व रात में ही करीब 250 करोड़ से अधिक का व्यवसाय होने का अनुमान लगाया गया है।

धनतेरस को रोशनी से जगमग बाजारें ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रही और बिक्री देख व्यापारियों के चेहरे खिले रहे, हालांकि इसमें कोई दो राय नहीं कि पिछले सालों की अपेक्षा इस बार सड़कों पर भीड़ अपेक्षाकृत अधिक रही।

शुक्रवार को जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों से लेकर छोटे मोटे बाजारों की दुकानों में भी रौनक रही, तो ब्लाक व अन्य कस्बों में भी ग्राहकों की भीड़ खरीददारी को जुटी रही।

शहर के सिनेमा चौराहा, स्टेशन रोड, सदर बाजार, नुमाइश चौराहा, महात्मा गांधी मार्ग व रेलवे स्टेशन की बाजार जहां एक ओर झिलमिल लाइटों की रोशनी से रोशन रही तो वहीं खरीददारी को शुभ मानकर सड़कों पर उतरे ग्राहकों की भीड़ से बाजार पटे रहे।

भीड़ के बढ़ जाने के कारण देर शाम से नुमाइश चौराहे से बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहे से बड़े चौराहे , रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश को वर्जित कर दिया गया। इस दौरान पुलिस भी सुरक्षा के मद्देनजर एलर्ट रही। इधर धनतेरस में यदि व्यापार की बात करें तो सोने चांदी के प्रतिष्ठानों में करोड़ों तो कपड़ा व्यवसाय, बर्तन व मिठाई प्रतिष्ठानों से लाखों की बिक्री का अनुमान लगाया गया है।

सोने चांदी, कपड़े व बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावटी सामान, गिफ्ट कार्नर के अलावा बिजली की झालरें, खेल खिलौने व फास्ट फूड आदि की बिक्री भी खूब हुई। शास्त्री उमाकांत अवस्थी ने बताया कि इस बार धनतेरस पर हस्त नक्षत्र का संयोग है, जो अगले दिन 7 नवंबर को सुबह 4 बजकर 43 बजे तक रहेगा।

हस्त नक्षत्र में खरीदारी और नए कार्यों की शुरुआत करना बेहद शुभ और लाभकारी माना जाता है। इसके अलावा शुक्रवार के दिन धनतेरस होने से शुक्र प्रदोष और शुक्र-चंद्रमा की युति का महासंयोग बना है।

दिनभर खरीदारी और निवेश के लिए अमृत सिद्धि व प्रीति योग का प्रभाव रहेगा। इस दिन शुक्र कन्या राशि में, जबकि सूर्य, मंगल और बुध तुला राशि में गोचर कर रहे हैं, जिससे मालव्य राजयोग का भी निर्माण हो रहा है।

सराफा बाजार में बिके सोने-चांदी के सिक्के

धनतेरस पर सराफा कारोबार में मां लक्ष्मी की कृपा बरसी। सुबह से ही सिनेमा रोड, सदर बाजार, रेलवे गंज सहित शहर के अन्य प्रतिष्ठित दुकानों पर खरीदारी करने पहुंचे। ग्राहकों ने सोने-चांदी के सिक्के, जेवर, पायल, लक्ष्मी-गणेश, कछुआ, पूजा के बर्तन आदि सामान की खरीदारी की।

सराफा कारोबारी सुबोध अग्रवाल ने बताया कि सोना व चांदी के बढ़ते दामों की वजह से इस बार हल्के वजन की ज्वैलरी की ज्यादा मांग रही। इसी हिसाब से माल को बनवाया गया था, इस बार पिछले वर्ष से अधिक कारोबार होने का अनुमान है।

ऑटो मोबाइल सेक्टर में जमकर खरीदारी

ऑटो मोबाइल सेक्टर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही। अपने सपनों की कार लेने के लिए ग्राहक उत्साहित दिखे। इस बार सबसे ज्यादा डिलीवरी एक्सयूवी कारों की हुई है जिनकी कीमत 10-15 लाख रुपये के बीच में है। कारोबारियों के अनुसार दीपावली तक अभी और कारों की खरीद होने का अनुमान है।

छह एयर बैग वाली कारों को सुरक्षा के लिहाज से लोगों ने ज्यादा पसंद किया। दूसरी ओर बाइक शोरूम पर भीड़ रही। धनतेरस पर डिलीवरी लेने वाले ग्राहकों ने कई दिन पहले से अपनी तैयारी पूरी कर रखी थी। इसी दिन पहली बार शोरूम पहुंचने वाले अधिकांश ग्राहकों को निराशा हाथ लगी।

इलेक्ट्रॉनिक बाजार में खूब बिके टीवी, वाशिंग मशीन

धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी करी। कारोबारी मोनू गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। 34 इंच के टीवी की जगह 43 इंच के टीवी खूब बिके। वहीं नई टेक्नोलाजी की आटो मेटिक वाशिंग मशीन भी खूब बिकी। इसी के साथ मोबाइल, फ्रिज आदि की मांग रही। दूसरी ओर धनतेरस पर ग्राहकों ने मिठाई की जमकर खरीदारी करी। कारोबारियों को इस बार पिछले साल से करीब 20 प्रतिशत अधिक कारोबार होने का अनुमान है।

ग्राहकों की कतार से खनक उठा बर्तन बाजार

सोने-चांदी के साथ ग्राहकों ने बर्तन की भी खरीदारी की। ग्राहक बर्तन खरीदना शुभ मानते है। शहर में जगह-जगह बर्तन का बाजार सजाया गया था। इस बार गैस स्टोव कुकर, नान स्टिक समेत अन्य सामान की खरीदारी की।

दुकानदार बताते है कि पीतल, फूल के साथ अन्य धातु की खरीदारी की गई। इस बार बाजार में नान स्टीक की तमाम वैरायटी बाजार में आई हुई है जिन्हें ग्राहकों ने खूब पसंद किया।

फूलों से महका शहर

धनतेरस के दिन आम दिनों की अपेक्षा फूलों की बिक्री कई गुना बढ़ गई है। शहर के साथ ही, कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इससे व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। जिले में माल बाजार भी भेजा जा रहा है। शहर के महात्मा गांधी मार्ग स्थित थोक विक्रेता के यहां देर शाम तक भीड़ लगी रही। इस बार झालरों के साथ फूलों की लड़ियों से भी खूब प्रतिष्ठान सजाए गए।

यह भी पढ़ें- अयोध्या दीपोत्सव 2026: आराध्य के स्वागत में राम की पैड़ी पर सजा 2500 वर्ग फीट का दिव्य चौक

यह भी पढ़ें- अयोध्या दीपोत्सव: 220 टन बालू से तैयार हो रहा भव्य राम दरबार, 50 फीट लंबी सैंड आर्ट का अद्भुत नजारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।