विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अंतिम तिथि बढ़ी, हरदोई में किसानों ने रिकॉर्ड संख्या में कराया बीमा

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:35 AM (IST)

हरदोई में खरीफ फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है, पिछले वर्ष के मुकाबले 13,265 अधिक किसानों ने बीमा कराया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. हरदोई में खरीफ फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या में वृद्धि।

  2. पिछले वर्ष की तुलना में 13,265 अधिक किसानों ने बीमा कराया।

  3. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अंतिम तिथि 10 सितंबर तक बढ़ी।

जागरण संवाददाता, हरदोई। मौसम की अनिश्चितता, अतिवृष्टि, बाढ़, सूखा समेत अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान को देखते हुए किसानों में फसल बीमा को लेकर जागरुकता बढ़ी है। खरीफ सीजन में फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या में इस बार रिकार्ड वृद्धि दर्ज की गई है।

पिछले वर्ष जहां 49,317 किसानों ने फसल का बीमा कराया था, वहीं इस बार अब तक 62,582 किसान बीमा करा चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 13,265 अधिक किसानों ने फसल बीमा कराया है।

उप निदेशक कृषि डाॅ. राजेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई में किसानों के लिए काफी मददगार है। विभिन्न प्राकृतिक कारणों से फसल प्रभावित होने पर निर्धारित नियमों के तहत किसानों को बीमा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता मिल सकती है।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की ओर से गांव-गांव किसानों को फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। किसानों को योजना के लाभ के साथ ही बीमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

शासन ने खरीफ फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 सितंबर कर दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में बीमा कराने वाले किसानों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि गैर ऋणी किसान अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर फसल का बीमा करा सकते हैं।

72 घंटे में दर्ज करानी होगी सूचना

प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर क्षतिपूर्ति का लाभ पाने के लिए किसानों को 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इसके बाद संबंधित विभाग की ओर से सत्यापन कराया जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल क्षति की भरपाई का लाभ दिया जाएगा।

फसलों को बीमित कराने के लिए यह है प्रति हेक्टेयर प्रीमियम

फसल मूल्य
धान 1,646 रुपये
तिल 1,076 रुपये
उड़द 768 रुपये
मक्का 942 रुपये
ज्वार 808 रुपये
मूंगफली 1,440 रुपये
बाजरा 730 रुपये

यह भी पढ़ें- यूपी के ऋणधारक किसानों को राहत, प्रधानमंत्री फसल बीमा कराने की तारीख बढ़कर हुई 10 सितंबर

यह भी पढ़ें- किसानों को बड़ी राहत, खरीफ फसल बीमा के आवेदन की समय सीमा बढ़ी