Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरदोई: गंगा में डूबे दो युवकों में से एक का शव पांच दिन बाद मिला, दूसरे की तलाश अभी भी जारी

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 03:47 PM (IST)

    हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में गंगा में डूबे दो युवकों में से एक नारद का शव पांच दिन बाद मल्लावां क्षेत्र में बरामद हुआ। ...और पढ़ें

    हरदोई गंगा हादसा: पांच दिन बाद मिला डूबे युवक का शव।

    हरदोई गंगा हादसा: पांच दिन बाद मिला डूबे युवक का शव।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, हरदोई। थाना अरवल क्षेत्र के कुसुमखोर गंगा घाट पर पांच दिन पूर्व गंगा में डूबे दो युवकों में से एक का शव गुरुवार सुबह बरामद हो गया। मल्लावां थाना क्षेत्र के बेरिया घाट के निकट गंगा नदी में उतराता मिला शव ग्राम चौसार निवासी नारद पुत्र गोविंद का निकला।

    परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि दूसरे युवक ऋषि पुत्र छदामी की तलाश अभी भी जारी है।

    जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार तड़के ग्राम पंचायत चौसार निवासी नारद और ऋषि कांवड़ यात्रा के लिए जल लेने कन्नौज स्थित गौरीशंकर मंदिर जाने से पहले कुसुमखोर गंगा घाट पहुंचे थे।

    गंगा से जल भरते समय अचानक गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक तेज बहाव में डूब गए। साथ मौजूद युवक शिवम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों नदी की धारा में बह गए।

    घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों, पुलिस, एसडीआरएफ टीम तथा बेहथर क्षेत्र से आए गोताखोरों ने लगातार पांच दिनों तक सघन खोज अभियान चलाया, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।

    गुरुवार सुबह मल्लावां थाना पुलिस ने अरवल पुलिस को बेरिया घाट के पास एक शव मिलने की सूचना दी। सूचना पर परिजन और अरवल पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शव की पहचान नारद के रूप में हुई।

    अरवल थाने के उप निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं प्रशासन ने बताया कि दूसरे युवक ऋषि की तलाश के लिए एसडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान लगातार जारी है।

    घटना के बाद से ग्राम चौसार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और प्रभावी बनाए जाने की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- गंगा-यमुना ने पकड़ी तेजी, प्रयागराज में वीआइपी घाट की बह गई मिट्टी; तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    खबरें और भी