Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरदोई मेडिकल कॉलेज: 15 दिन में शुरू होगा 160 बेड का नया आईपीडी भवन, मरीजों को मिलेंगी स्पेशल सुविधाएं

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 07:05 PM (IST)

    हरदोई मेडिकल कॉलेज अस्पताल का 160 बेड का नया आईपीडी भवन बिजली आपूर्ति मिलने के बाद जल्द ही शुरू होने वाला है। अगले 15 दिनों में वार्डों को स्थानांतरित ...और पढ़ें

    15 दिन में शुरू होगा मेडिकल कॉलेज का 160 बेड का नया आईपीडी भवन।

    15 दिन में शुरू होगा मेडिकल कॉलेज का 160 बेड का नया आईपीडी भवन।

    HighLights

    1. 160 बेड का नया आईपीडी भवन जल्द शुरू।

    2. अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और डायग्नोस्टिक ब्लॉक उपलब्ध।

    3. मरीजों को बेहतर उपचार और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

    जागरण संवाददाता, हरदोई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। दो वर्ष पहले बनकर तैयार 160 बेड का अत्याधुनिक आईपीडी भवन अब बिजली आपूर्ति मिलने के बाद शुरू होने की ओर बढ़ रहा है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि अगले 15 दिनों में भवन को संचालित करने की दिशा में वार्ड शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

    मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में तैयार 160 बेड का नया आईपीडी भवन लंबे समय से बिजली कनेक्शन के अभाव में उपयोग में नहीं आ सका था। अब विद्युत सब स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अस्पताल परिसर में अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है।

    संबंधित संस्था ने करीब 10 दिनों में बिजली का कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है, जिसके बाद भवन को चालू करने की प्रक्रिया तेज होगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 15 अगस्त तक वार्डों को नए भवन में स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।

    फिलहाल फरवरी माह से भवन के एक हिस्से में केवल हड्डी रोग विभाग संचालित हो रहा है। अब बिजली उपलब्ध होते ही शेष सभी सुविधाएं भी शुरू कर दी जाएंगी। प्रधानाचार्य डॉ. जेबी गोगोई ने बताया कि विद्युत सब स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।

    खबरें और भी

    भवन में बिजली की आंतरिक वायरिंग और लाइन शिफ्टिंग का कार्य शेष है, जिसे जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके बाद मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। नए आईपीडी भवन में कुल 160 बेड की व्यवस्था की गई है। इनमें 130 बेड सामान्य मरीजों, 20 बेड गंभीर एवं आकस्मिक मरीजों तथा 10 बेड आपरेशन से पहले और बाद में भर्ती मरीजों के लिए आरक्षित रहेंगे।

    भवन में चार अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, डॉक्टरों के कक्ष, सेमिनार हाल, डेमोंस्ट्रेशन एवं व्याख्यान कक्ष, पैंट्री और लांड्री जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके अलावा मरीजों को जांच के लिए अलग से डायग्नोस्टिक ब्लॉक की सुविधा मिलेगी। यहां 100 एमए की डिजिटल एक्स-रे मशीन और सीटी स्कैन मशीन का इंस्टालेशन पहले ही किया जा चुका है। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही ये सभी सेवाएं भी चालू हो जाएंगी।

    अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नए आईपीडी भवन के शुरू होने से मरीजों को बेहतर उपचार, आधुनिक ऑपरेशन सुविधाएं और जांच सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे इलाज की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

    यह भी पढ़ें- अयोध्या में सावन मेला के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार, हाईवे पर थमेगी भारी वाहनों की रफ्तार