अब पटरी दुकानदारों को आसानी से मिलेगा बिजली कनेक्शन, विभाग ने लागू की प्रीपेड मीटर व्यवस्था
हरदोई में बिजली विभाग ने पटरी दुकानदारों और खोखा संचालकों के लिए प्रीपेड मीटर व्यवस्था लागू की है। इससे अब उन्हें आसानी से बिजली कनेक्शन मिल सकेगा। यह ...और पढ़ें

HighLights
पटरी दुकानदारों को प्रीपेड मीटर से मिलेगा आसान बिजली कनेक्शन।
नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी, आर्थिक शोषण पर लगेगी रोक।
प्रीपेड मीटर पोर्टेबल, ऑनलाइन आवेदन से कनेक्शन लेना हुआ सरल।
जागरण संवाददाता, हरदोई। पटरी दुकानदारों और खोखा संचालकों के लिए अब बिजली कनेक्शन लेना आसान हो गया है। बिजली विभाग ने प्रीपेड मीटर व्यवस्था लागू करते हुए ऐसे छोटे व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन देना शुरू कर दिया है। नई व्यवस्था से जहां पारदर्शिता बढ़ेगी, वहीं उपभोक्ताओं को अनावश्यक भागदौड़ और परेशानी से भी राहत मिलेगी।
अब तक पटरी दुकानदारों को बिजली कनेक्शन प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विभागीय नियमों का हवाला देकर कनेक्शन देने में आनाकानी की जाती थी, जिससे छोटे व्यापारियों को महीनों तक चक्कर काटने पड़ते थे।
आर्थिक शोषण की आ रही शिकायतें
कई मामलों में आर्थिक शोषण की शिकायतें भी सामने आती थीं, जहां बिना अनौपचारिक भुगतान के कनेक्शन मिलना मुश्किल हो जाता था। इससे छोटे स्तर पर रोजगार शुरू करने वालों को काफी नुकसान उठाना पड़ता था।
हालांकि अब प्रीपेड मीटर व्यवस्था लागू होने के बाद स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रीपेड मीटर के माध्यम से उपभोक्ता पहले से रिचार्ज कर बिजली का उपयोग कर सकेंगे। यदि बैलेंस समाप्त हो जाता है, तो कनेक्शन स्वतः बंद हो जाएगा, जिससे बकाया बिल की समस्या भी खत्म होगी।
यह भी पढ़ें- हरदोई के 76000 स्मार्ट मीटर हुए प्रीपेड, अब रिचार्ज ना होने से गुल हो रही बिजली, भीषण गर्मी में उपभोक्ता बेहाल
उपखंड अधिकारी आकाश वर्मा ने बताया कि प्रीपेड मीटर की खास बात यह है कि इसे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है। इससे पटरी दुकानदारों को अपने व्यवसाय के अनुसार स्थान बदलने में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इच्छुक दुकानदार ऑनलाइन आवेदन कर सरल प्रक्रिया के तहत बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।