Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरदोई : नरौरा बांध से छोड़ा डेढ़ लाख क्यूसेक पानी, गंगा का जलस्तर बढ़ने के आसार; किसानों की बढ़ी चिंता

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 04:47 PM (IST)

    नरौरा बांध से डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद हरदोई में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है, हालांकि सिंचाई विभाग ने चेतावनी बिंदु पार न हो ...और पढ़ें

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    HighLights

    1. नरौरा बांध से डेढ़ लाख क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया।

    2. हरदोई में गंगा का जलस्तर बढ़ने की संभावना, प्रशासन निगरानी में।

    3. सिंचाई विभाग ने बाढ़ की स्थिति से इनकार किया, हालात सामान्य।

    जागरण टीम, हरदोई। गंगा नदी में नरौरा बांध से गुरुवार को करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके अगले 60 घंटे के भीतर जनपद पहुंचने की संभावना है। इससे गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि होने के आसार हैं। हालांकि सिंचाई विभाग का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद गंगा के चेतावनी बिंदु को पार करने की संभावना नहीं है। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

    गंगा का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए कटियारी क्षेत्र के सिब्बापुरवा, सुलखामऊ, भुलभुलियापुर, मदनियापुरवा, जगन्नाथपुरवा, तिक्कापुरवा, दुलारपुर, शंकरपुरी, तिवारीपुरवा और बरगदापुरवा समेत गंगा किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

    फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका 

    मंसूरपुर निवासी आशीष कुमार, राममोहन अवस्थी और देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से विभिन्न बैराजों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। उमरौली जैतपुर के जदुनाथ सिंह, कामता, नरेश कुमार, रावेंद्र अवस्थी और पिंटू सिंह का कहना है कि यदि गंगा का जलस्तर बढ़ता है तो रामगंगा, कुंडा, गंभीरी और नीलम आदि नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है, जिससे निचले क्षेत्रों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहेगी।

    सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता इं. एके चौधरी ने बताया कि राजघाट गेज पर गंगा नदी का जलस्तर फिलहाल चेतावनी बिंदु 124.47 मीटर से करीब 86 सेंटीमीटर नीचे 123.61 मीटर दर्ज किया गया है। रामगंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु 136.80 मीटर के मुकाबले 134.55 मीटर व गर्रा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु 129.50 मीटर के सापेक्ष 127.40 मीटर दर्ज किया गया है।

    बताया कि सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि होती है तो तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और हालात पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में हैं।

    खबरें और भी