विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब ई-कॉमिक्स से आसान होगी मैथ-साइंस की पढ़ाई, बच्चे रटकर नहीं; डिजिटल एक्टिविटी से समझेंगे कठिन कॉन्सेप्ट

Published: Wed, 19 Aug 2026 06:26 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश एससीईआरटी अब ई-कॉमिक्स के जरिए गणित और विज्ञान को बच्चों के लिए आसान बनाएगा। इससे बच्चे रटने के ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. ई-कॉमिक्स से गणित और विज्ञान की पढ़ाई अब होगी सरल।

  2. बच्चे रटने के बजाय कहानियों, चित्रों से समझेंगे कठिन अवधारणाएं।

  3. डिजिटल गतिविधियों से बढ़ेगी विषय में रुचि और तार्किक क्षमता।

जागरण संवाददाता, हरदोई। गणित और विज्ञान जैसे विषय अब बच्चों के लिए बोझ या डर का कारण नहीं बनेंगे। उत्तर प्रदेश राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से तैयार किए जा रहे विज्ञान ई-कामिक्स के जरिए कठिन अवधारणाओं को कहानियों, चित्रों, ग्राफिक्स और डिजिटल गतिविधियों के माध्यम से सरल और रोचक बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रटने के बजाय समझकर सीखने के लिए प्रेरित करना है।

ई-कामिक्स में गुरुत्वाकर्षण बल, आर्किमिडीज का सिद्धांत और पदार्थ की अवस्थाओं जैसी वैज्ञानिक अवधारणाओं को रोचक कथानक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं गणित की जटिल समस्याओं को भी कहानी का हिस्सा बनाकर बच्चों को सवाल समझने और उसके समाधान तक पहुंचने की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। इससे पढ़ाई का अंदाज बदलेगा और बच्चों की विषय में रुचि बढ़ेगी।

चित्रों से समझेंगे कठिन अवधारणाएं

ई-कामिक्स में कठिन वैज्ञानिक प्रक्रियाओं और अवधारणाओं को चित्रों व ग्राफिक्स के जरिए दृश्य रूप में समझाया जाएगा। कुछ कॉमिक्स में इंटरएक्टिव गतिविधियां भी शामिल होंगी, जिनमें विद्यार्थी स्वयं भाग लेकर सीख सकेंगे। कहानी और गतिविधियों के जरिए सीखने से विषय लंबे समय तक याद रहने की संभावना रहेगी। साथ ही बच्चों में सवाल पूछने, तर्क करने और समाधान खोजने की क्षमता विकसित होगी।

दैनिक जीवन से जुड़ेंगे गणित-विज्ञान

इस नवाचार में गणित और विज्ञान को बच्चों के दैनिक जीवन से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। आसपास होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक सिद्धांतों से जोड़कर समझाया जाएगा, जिससे बच्चों को एहसास होगा कि ये विषय केवल परीक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा हैं। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच भी विकसित होगी।

यह भी पढ़ें- ITI में बदलेगा पढ़ाई का तरीका, इंडस्ट्री के हिसाब से तैयार होंगे यूपी के युवा; मिलेगी करियर ऑप्शन की जानकारी

ई-कॉमिक्स बच्चों के लिए उपयोगी और प्रभावी माध्यम साबित होगा। कहानी और चित्रों के माध्यम से सीखने पर विद्यार्थी विषय को आसानी से समझते हैं और गणित-विज्ञान के प्रति उनका डर कम होता है। इससे विद्यार्थी रटने के बजाय समझकर सीखेंगे और उनकी तार्किक क्षमता मजबूत होगी। -प्रभात मिश्र, बीएसए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।