कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मांग, भाजपा सांसद कंगना रनौत को तत्काल बर्खास्त कर छीनें सदस्यता
Hardoi News: भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कंगना रनौत ने बच्चों और बच्चियों के चरित्र और मान-सम्मान पर ...और पढ़ें

हरदोई: मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय
HighLights
हरदोई में बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमियां छिपाने के लिए मुकदमे दर्ज करवा रहे भाजपा व आरएसएस के लोग
अजय राय ने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बड़ी मांग
जागरण संवाददाता, हरदोई। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को हरदोई दौरे पर थे। अजय राय ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जमकर निशाना साधा।
अजय राय ने इसके साथ ही भाजपा सांसद कंगना रनौत के युवाओं और छात्र-छात्राओं को लेकर बयानबाजी की निंदा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद को बर्खास्त करने व उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की।
धर्मशाला रोड पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विक्रम पाण्डेय का कुशलक्षेम लेने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने राम मंदिर चढ़ावे को लेकर भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम के दरबार में जो चढ़ावा आता है, उसमें धांधली और चोरी की चर्चा अब गांव के गलियारों से लेकर संसद तक हो रही है। भाजपा और आरएसएस के लोग अपनी कमियों को छिपाने और देशवासियों का ध्यान भटकाने के लिए उल्टे मुकदमे दर्ज करवा रहे हैं और लोगों को परेशान कर रहे हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।
भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कंगना रनौत ने बच्चों और बच्चियों के चरित्र और मान-सम्मान पर अमर्यादित टिप्पणी की है। अगर प्रधानमंत्री में थोड़ी सी भी नैतिकता बाकी है, तो उन्हें तत्काल कंगना रनौत को पार्टी से बर्खास्त करना चाहिए और उनकी संसद सदस्यता छीननी चाहिए।
प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों और 2027 के विधानसभा चुनावों पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन सृजन के माध्यम से अपनी ताकत बढ़ा रही है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनता के साथ है। गठबंधन का निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। हमारा काम संगठन को हर सीट पर मजबूत करना है, क्योंकि जब हम खुद मजबूत होंगे तभी दूसरों को ताकत दे पाएंगे।
खबरें और भी
जल्द स्वस्थ होकर मजबूत करो कांग्रेस
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जिला अध्यक्ष विक्रम पाण्डेय के आवास पर पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। जिलाध्यक्ष हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने उनसे भेंट कर चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी प्राप्त की और ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने उपस्थित कांग्रेसजनों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।