विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जयमाला से पहले दूल्हे की डिमांड पर खड़ा हो गया बखेड़ा, गुस्साई दुल्हनों ने शादी से किया इनकार; लौटाई बरात

Published: Wed, 16 Apr 2025 07:31 AM (IST)

जयमाला से पहले ही दहेज में कार न मिलने पर दूल्हों को बिना दुल्हनों के ही बरात लौटानी पड़ी। हाथरस ...और पढ़ें

Hathras News: सादाबाद के गांव नीति निवास स्थित शादी समारोह में बाराती-घरातियों में होती मारपीट। जागरण
Hathras News: सादाबाद के गांव नीति निवास स्थित शादी समारोह में बाराती-घरातियों में होती मारपीट। जागरण

HighLights

  1. सादाबाद क्षेत्र में दो भाइयों से हो रही थी दो बहनों की शादी
  2. जयमाला से पहले ही विवाद l मारपीट में दो घायल, कोतवाली पहुंचे दोनों पक्ष
  3. काफी देर तक बातचीत के बाद भी नहीं बनी बात

संसू, जागरणlसादाबाद (हाथरस)। Hathras News: दहेज में कार न मिलने पर सोमवार की रात जयमाला से पहले ही बखेड़ा खड़ा हो गया। दूल्हा बने दो भाई स्टेज पर दुल्हनों का इंतजार कर रहे थे तभी घराती और बराती पक्ष में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में मारपीट हो गई। इसमें लड़की पक्ष के दो लोग घायल हो गए।

गुस्साई बहनों ने शादी से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में रातभर बातचीत हुई, मगर कोई नतीजा नहीं निकला। सुबह पांच बजे बिना दुल्हन ही बरात को लौटना पड़ा। लड़की पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है।

कार की मांग पर हंगामा

गांव समदपुर निवासी सुनील की दो बेटियों शिवानी शर्मा व भारती शर्मा की शादी गांव तसींगा के सुरेश चंद के बेटों मोहित शर्मा व नारायण शर्मा से होना तय था। इसके लिए सोमवार को पास के ही गांव नीति निवास स्थित त्रिवेनी गेस्ट हाउस में वर-वधू पक्ष के लोग दिन में ही पहुंच गए थे। रात वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। दावत और बरात चढ़ने के उपरांत जयमाला का कार्यक्रम प्रारंभ होने वाला था। स्टेज पर दुल्हनों के आने का इंतजार था। लड़कियों के पिता सुनील कुमार का आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोग दहेज में कार की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर वाद-विवाद शुरू हो गया।

दोनों दुल्हनों से कर दिया मना

बात बढ़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। कुछ लोगों ने बीचबचाव कराया। इस दौरान दुल्हन बनी बहनों ने शादी न करने का फैसला सुना दिया। मारपीट की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। काफी देर तक समझाने का कोई असर न था। इसके चलते दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। यहां रातभर बातचीत चली। मगर, कोई नतीजा न निकलने पर बरात लौट गई। लड़कों के स्वजन के खिलाफ सुनील ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा है कि दोनों पुत्रियों की शादी के लिए लड़के वालों को छह लाख रुपये और घरेलू सामान दिया था।

ये भी पढ़ेंः यूपी की बदहाल व्यवस्था! 3 घंटे में एंबुलेंस ने तय किया 35 KM का सफर, चालक की लापरवाही से हुई सलीम की जान

वधू पक्ष ने दी तहरीर

दूल्हे का बड़ा भाई कार की मांग कर रहा था। असमर्थता जताने पर दूल्हा, उसके भाई और अन्य लोगों ने दुल्हन पक्ष के लोगों से मारपीट की। इससे दुल्हन का चचेरा भाई निर्भय और एक अन्य रिश्तेदार अभिषेक घायल हो गए। लड़का पक्ष के लोग चचेरी बहन का मोबाइल छीनकर भाग गए। कोतवाल योगेश कुमार का कहना है वधू पक्ष ने तहरीर दे दी है। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ेंः पूर्व मंत्री के पौत्र की दबंगई: MG रोड पर युवती की कार को मारी टक्कर, दहशत में पीड़िता; केस दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।