सिपाही की पत्नी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, बोली...दहेज के लिए देता अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी
हाथरस में एक महिला ने अपने सिपाही पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को शिकायत पत्र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, हाथरस। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव पदू निवासी एक महिला ने अपने सिपाही पति पर दहेज उत्पीड़न, घर से निकालने, मारपीट और सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो प्रसारित करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़िता का पति पुलिस में आरक्षी है। पीड़िता ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी मांग की है।
पीड़िता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2025 को अलीगढ़ जिले के थाना टप्पल क्षेत्र अंतर्गत गांव धाधौली निवासी अतुल पुत्र राजू सिंह के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। अतुल वर्तमान में सीओ कार्यालय में आरक्षी के पद पर जनपद शाहजहांपुर में तैनात है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अतुल और उसके परिवार वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर प्रार्थिया को ससुराल पक्ष ने घर से बाहर निकाल दिया। इस संबंध में पीड़िता ने पहले महिला थाना हाथरस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपित के पुलिस में होने के कारण उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने माननीय न्यायालय हाथरस में भरण-पोषण और दहेज उत्पीड़न का वाद दायर किया हुआ है।
पीड़िता का आरोप है कि मुकदमे से बौखलाकर उसका पति अतुल पुलिस की वर्दी और पद का रौब दिखाकर उसे लगातार धमका रहा है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि अतुल अपने फेसबुक अकाउंट से पीड़िता के भाई के मोबाइल नंबर पर पीड़िता के अश्लील फोटो प्रसारित कर रहा है और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में अतुल चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट कर चुका है। अब भी वह जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित कहता है मैं पुलिस में हूं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़िता ने वायरल किए गए फोटो प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न किए हैं। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।