ब्लैक पाॅलीथिन से ढकी जाएंगी शराब की दुकानें, मांस और अंडा नहीं बिकेगा; हाथरस में कांवड़ यात्रा की तैयारी शुरू
हाथरस में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें सुरक्षा और सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान है। यात्रा ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
HighLights
कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस, मछली, अंडे की बिक्री प्रतिबंधित।
कांवड़ियों के लिए हाईवे वन-वे, सुरक्षा बल तैनात।
संवाद सूत्र, हाथरस। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए हाईवे पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस, मछली और अंडे की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
ढाबों और होटलों में भी मांसाहारी भोजन बेचने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सभी ढाबों और होटलों को साफ-सफाई रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इधर, शराब की दुकानों को लेकर भी प्रशासन ने खास व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली शराब की दुकानों को काली पन्नी से ढका जाएगा, ताकि बाहर से यह पता न चल सके कि यहां शराब की दुकान है।
सुरक्षा के लिहाज से हाईवे के बीच बने डिवाइडर पर रस्सियां और बल्लियां बांधी जाएंगी। इसका उद्देश्य कांवड़ियों को एक लेन से दूसरी लेन में जाने से रोकना है। जहां पहले से लोहे की रेलिंग लगी है, वहां उसी का उपयोग होगा। शेष स्थानों पर बल्लियों और रस्सी की बैरिकेडिंग की जाएगी। सिकंदराराऊ से हाथरस जंक्शन के बीच कई जगहों पर डिवाइडर पर विशेष रूप से रस्सी बांधकर पुलिस का पहरा लगाया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी बड़े इंतजाम हैं। कांवड़ यात्रा एक माह तक चलती है, इसलिए हाईवे को वनवे किया जाएगा। खासतौर पर शनिवार और रविवार को हाईवे पर केवल एक तरफ का आवागमन होगा, जिससे कांवड़ियों के जत्थों को कोई परेशानी न हो और हादसों की आशंका कम हो।
खबरें और भी
टीआई अनूप कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहेगा।
सावन में सोमवार
- पहला सोमवार 3 अगस्त
- दूसरा सोमवार 10 अगस्त
- तीसरा सोमवार: 17 अगस्त
- चौथा सोमवार: 24 अगस्त