नीट छात्रा की मौत के बाद भड़का आक्रोश, हाथरस में सड़क पर उतरकर बनाई मानव श्रृंखला, ट्रैफिक जाम
हाथरस में तालाब ओवरब्रिज पर सड़क हादसे में नीट की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा खुशी अग्रवाल की मृत्यु के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों और ...और पढ़ें

हाथरस में मंगलवार सुबह मानव श्रृंखला बनाते लोग।
जागरण संवाददाता, हाथरस। तालाब ओवरब्रिज पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में नीट की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की मृत्यु के बाद मंगलवार को शहर में आक्रोश फैल गया। विरोध में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड निवासी वेटेरिनरी डाॅक्टर संजीव अग्रवाल की पुत्री खुशी अग्रवाल अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। सोमवार शाम कोचिंग खत्म कर खुशी स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान तालाब ओवरब्रिज पर पीछे से आए एक ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में खुशी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्रा की मृत्यु की खबर से परिवार में मातम छा गया।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे गुस्साए व्यापारियों और लोगों ने तालाब ओवरब्रिज पर एकत्रित होकर मानव श्रृंखला बनाई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरब्रिज की चौड़ाई कम है और यहां हमेशा वाहनों का दबाव रहता है। ओवरब्रिज से नीचे उतरने वाले मोड़ भी बेहद खतरनाक हैं, जिस कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं।
खबरें और भी
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर भी कोतवाली सदर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और भविष्य में हादसे रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।