Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाथरस में उमस भरी गर्मी में बिलबिला गए 30 हजार लोग, तकनीकी खराबी से अल्हेपुर और लाखनू फीडर ठप

    By Abhishek Tayal Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Mon, 06 Jul 2026 10:31 PM (GMT+05:30)

    हाथरस के अल्हेपुर और लाखनू फीडर के तहत दो दर्जन से अधिक गांवों में तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे 30 हजार से अधिक लोग उमस भरी गर्म ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    जागरण संवाददाता, हाथरस। अल्हेपुर और लाखनू फीडर के अंतर्गत आने वाले दो दर्जन से अधिक गांवों में सोमवार को कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से करीब 30 हजार से अधिक की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब चार बजे अचानक बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में लोग बिलबिला गए।

    मौसम पूरी तरह साफ होने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों में नाराजगी रही। बिजली न होने से सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर हुई। घरों में लगे सबमर्सिबल और मोटर बंद होने से पानी का संकट गहरा गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान रहे।

    महिलाओं को दैनिक कार्य निपटाने में कठिनाई हुई, जबकि स्कूली बच्चों को मोमबत्ती और अन्य वैकल्पिक रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ी। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली घर के कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किए गए। बिजली कटौती का कारण जानने के लिए लोगों को खुद बिजली घर के चक्कर लगाने पड़े।

    क्षेत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार शाम चार बजे से शाम साढ़े छह बजे तक कटौती होनी थी, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

    अल्हेपुर फीडर के जूनियर इंजीनियर ललित कुमार ने बताया कि लाइन में अचानक तकनीकी खराबी आने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। विभाग की टीम फॉल्ट का पता लगाने और उसे ठीक करने में जुटी है। खराबी दूर होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

    खबरें और भी