यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हाथरस में लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाशों और दरोगा को लगी गोली, आरोपियों में एक गांव का प्रधान भी शामिल
हाथरस में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें चार बदमाश गिरफ्तार हुए और दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। बदमाश शादी समारोहों में लूटपाट करते थे ...और पढ़ें

HighLights
- अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं सभी आरोपी
- फरह क्षेत्र के गांव कोह का ग्राम प्रधान भी शामिल
जागरण संवाददाता, हाथरस। शादी समारोहों में दूल्हा-दुल्हन के परिजनों से जेवरात-नगदी से भरे बैग लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाशों से मंगलवार की देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जबकि एक दरोगा भी गोली से घायल हुआ है। सभी बदमाश मथुरा के हैं। इनमें फरह क्षेत्र के गांव कोह निवासी ग्राम प्रधान भी शामिल है। ग्राम प्रधान बदमाशों के लूटे हुए माल को बाजार में बेचता था।
चढ़त के दौरान बदमाशों ने की थी लूट
छह फरवरी, सात फरवरी और 14 फरवरी को सादाबाद क्षेत्र के बरात चढ़त के दौरान बदमाशों ने लूट की थी। वह दूल्हे के पिता और रिश्तेदारों से नगदी और जेवरात से भरा बैग लूट ले गए थे।
.jpg)
इस मामले में पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। दो दिन पहले पुलिस ने एक बदमाश सादाबाद के गांव मोनिया निवासी गोलू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
पूछताछ में सामने आया कि वह शादी समारोहों में से दूल्हा-दुल्हन के परिजनों से नगदी और जेवरात से भरा बैग लूटने वाले गिरोह का सदस्य है। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश की में जुटी थी।
जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को लगी गोली
मंगलवार की रात्रि को पुलिस बिसावर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी पुलिस को चार युवक दो बाइकों पर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वह भागने लगे। इस दौरान युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने उनकी घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की। बदमाशों की फायरिंग से एक गोली बिसावर चौकी में तैनात दरोगा नीलेश कुमार को लगी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।
इनमें मथुरा जनपद के थाना हाइवे क्षेत्र के गांव उसपार नवीपुर निवासी गजेंद्र उर्फ गज्जू उर्फ रज्जो, फरह के गांव गढ़ाया निवासी भोला शामिल हैं। गजेंद्र के दोनों पैर और भोला के बाएं पैर में गोली लगी है।
दो अन्य बदमाशों में फरह के गांव रहीमपुर निवासी केशव ठाकुर और फरह के ही गांव कोह का ग्राम प्रधान हरेंद्र शामिल है। गजेंद्र गैंग का सरगना है। उस पर ग्वालियर, भरतपुर, मथुरा, आगरा, एटा समेत कई जनपदों में लूट, चोरी, नकबजनी समेत कई गंभीर धाराओं के 27 मुकदमे दर्ज हैं।
खबरें और भी
पूर्व में सादाबाद क्षेत्र में शादी समारोहों में लूट की घटनाएं हुई थीं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार रात्रि को गश्त के दौरान इस गिरोह के बदमाशों को पुलिस ने रोका तो उन्होंने फायरिंग कर दी। इसमें एक दरोगा को गोली लगी है। जवाबी फायरिंग में चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से दो के पैर में गोली लगी है।
-चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसपी हाथरस
लूट का माल बेचकर पैसे बांटता था ग्राम प्रधान
मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया है कि भोला और केशव गैंग के सरगना और उसके साथियों को हाई स्पीड बाइकें उपलब्ध कराते थे। लूट का माल लेकर गजेंद्र ग्राम प्रधान हरेंद्र के पास आता था। वह माल को बेचता था। इसका पैसा हरेंद्र और अन्य बदमाशों में बांटता था। बताया जा रहा है कि हरेंद्र का भाई भी पुलिस विभाग में आरक्षी है।