बाइक स्टार्ट करते आया टीचर को हार्ट अटैक, मंदिर की सीढ़ियों पर बैठते ही हुई मौत; हाथरस में हैरान करने वाला मामला
हाथरस के खोड़ा हजारी इलाके में 40 वर्षीय शिक्षक ललित गौतम की अचानक हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। यह ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, हाथरस। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित खोड़ा हजारी इलाके में सोमवार को एक शिक्षक की हार्ट अटैक से अचानक मृत्यु हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मृतक घर से बाइक से निकलने ही वाले थे कि अचानक तबीयत बिगड़ गई और साईं मंदिर की सीढ़ियों पर बैठते ही बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 40 वर्षीय ललित गौतम निवासी बुर्ज वाला कुआं के रूप में हुई है।
साईं मंदिर की सीढ़ियों पर बैठे-बैठे तोड़ा दम, सीसीटीवी में कैद हुई मृत्यु
ललित पिछले 14 वर्षों से खोड़ा हजारी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। उनकी पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। परिवार में पत्नी के अलावा 15 वर्षीय बेटा है। ललित तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। स्वजन के अनुसार ललित घर से बाइक से कहीं जाने के लिए निकले थे।
बाइक स्टार्ट करते समय अचानक उन्हें घबराहट महसूस हुई और सीने में दर्द उठा। हालत बिगड़ती देख वह पास स्थित साईं मंदिर की सीढ़ियों पर जाकर बैठ गए। कुछ ही सेकंड में उनकी तबीयत और बिगड़ गई और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
आसपास के लोगों ने तुरंत स्वजन को सूचना दी। स्वजन और पड़ोसी उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मृत्यु का कारण हार्ट अटैक है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें ललित मंदिर की सीढ़ियों पर बैठते और फिर अचानक गिरते दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हाथरस में 100 करोड़ से बनेगा नया बाईपास, 12 KM लंबे रास्ते पर बनेगा रेलवे ब्रिज; DM की पहल रंग लाई
यह भी पढ़ें- एक शव के दो दावेदार, हिंदू युवक को मुस्लिम रीति से दफनाने के बाद बड़ी उलझन में फंसी हाथरस पुलिस
परिवार में मच गया कोहराम
अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर है। स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
