उरई में जनगणना के काम में अनुपस्थित 13 कार्मिकों पर मुकदमा दर्ज, लापरवाही पर विभाग का एक्शन
उरई में जनगणना कार्य से अनुपस्थित रहने और गणना किट न लेने वाले 13 कार्मिकों के खिलाफ नगरपालिका अधिशासी अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। इन लोक सेवकों ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उरई। जनगणना कार्य के लिए अनुपस्थित रहने व गणना किट व अन्य सामग्री प्राप्त न करने वाले 13 कार्मिकों के खिलाफ अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका राम अचल कुरील ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि लोक सेवक होने के बाद इनके द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया जा रहा है। इनके द्वारा राष्ट्र हित के लिए की जा रही गणना कार्य में लापरवाही की जा रही है।
अधिशाषी अधिकारी ने दी गई तहरीर में कहा है कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों के सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक निर्धारित किया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों, को प्रगणक के रूप में नियुक्त किया गया है।
13 कार्मिकों ने अपनी ड्यूटी प्राप्त नहीं की
प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को उक्त जनगणना कार्य नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र, जनगणना किट इत्यादि का वितरण नगर पालिका कार्यालय से 22 व 23 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। 13 कार्मिकों ने अपनी ड्यूटी प्राप्त नहीं की और वह उपस्थित नहीं हुए। साथ ही किट भी नहीं ली गई। जनगणना का कार्यक्रम समयबद्ध निर्धारित है। कर्मचारी लोक सेवक की तरह होते हैं लेकिन इनके द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता बरती जा रही है। जिसको लेकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करें।
कौन-कौर रहे अनुपस्थित?
अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्कूल रामनगर उरई की शिक्षिका रतना, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज उरई के शिक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, सनातन धर्म इंटर कालेज उरई के शिक्षक रामनारायण, उच्च प्राथमिक स्कूल बनफरा की शिक्षिका सीमा श्रीवास्तव, कंपोजिट स्कूल सिकरी व्यास की शिक्षिका दिव्या व्यास, उच्च प्राथमिक स्कूल उरकरा कला की शिक्षिका कौशिकी देवी, उच्च प्राथमिक स्कूल राहिया उरई के शिक्षक महेश कुमार गुप्ता, सनात धर्म इंटर कालेज के शिक्षक रामाधार दोहरे, यहीं के शिक्षक परशुराम रैकवार, प्राथमिक स्कूल रूपा अड्डू की शिक्षिका रितु गुप्ता, प्राथमिक स्कूल मौखरी की शिक्षिका ममता स्वर्णकार, प्राथमिक स्कूल इमिलिया की शिक्षिका गुंजन व काजल सिंह अभी तक अनुपस्थित हैं।
खबरें और भी
इन सभी पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। सदर कोतवाली निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।