जालौन अब दस्यु प्रभावित क्षेत्र नहीं, विकास और औद्योगिक पहचान का केंद्र बन रहा- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जालौन में 1275 करोड़ रुपये की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि जालौन अब दस्यु प्रभावि ...और पढ़ें
-1784991372931_m.webp)
सीएम योगी ने जालौन को दी 1275 करोड़ की सौगात
HighLights
जालौन में 1275 करोड़ की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास।
बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में 'बीडा' औद्योगिक क्षेत्र विकसित।
कालपी का हस्तनिर्मित कागज अब वैश्विक ब्रांड बना।
डिजिटल डेस्क, जालौन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन में उरई, माधौगढ़ और कालपी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1275 करोड़ रुपये की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के काले कारनामों से बुंदेलखंड को सूखे, डकैतों और पलायन के दंश में धकेला गया, आज वही लोग घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उरई के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व स्वीकृति पत्र भी बांटे।
बीहड़ की जगह अब 'बीडा' और एक्सप्रेसवे की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जालौन और पूरा बुंदेलखंड अपनी पुरानी नकारात्मक पहचान से बाहर निकलकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ से अधिक बड़े क्षेत्रफल में भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र 'बीडा' (BIDA) विकसित किया जा रहा है, जिसकी कनेक्टिविटी का मुख्य आधार जालौन बन रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और फोरलेन सड़कों ने क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। अब यह इलाका बीहड़ या दस्यु प्रभावित क्षेत्र नहीं, बल्कि अपार संभावनाओं और उद्योग-धंधों का केंद्र बन चुका है।
कालपी का हैंडमेड पेपर बना ग्लोबल ब्रांड
अपनी सांस्कृतिक और औद्योगिक विरासत का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कालपी का पारंपरिक हस्तशिल्प कागज अब जीआई (GI) टैग मिलने के बाद वैश्विक ब्रांड बन चुका है। आज यह हैंडमेड पेपर अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, जापान और ऑस्ट्रेलिया तक निर्यात हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कोंच की रामलीला द्वारा बनाए गए लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, महर्षि वेदव्यास की पावन जन्मभूमि, बैरागढ़ की शारदा माता, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और कालपी की विश्व विख्यात मटर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को नमन किया।
'सैफई के मुजरे में खर्च होता था विकास का पैसा'
सपा और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में बुंदेलखंड के संसाधनों का माफिया द्वारा दोहन किया जाता था और विकास के नाम पर वसूली होती थी। बुंदेलखंड के हक का पैसा सैफई में फिल्मी कार्यक्रमों और मुजरे पर उड़ाया जाता था। आज वही धन फोरलेन कनेक्टिविटी, किसानों के हित और युवाओं के रोजगार पर खर्च हो रहा है। अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए सीएम योगी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, बेटियों से छेड़छाड़ करने वाले या व्यापारियों को प्रताड़ित करने वाले अपराधियों के लिए केवल दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम।
खबरें और भी
हर घर पानी और 600 करोड़ की संपत्ति जब्त
क्षेत्रीय विकास की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में सड़कों और पेयजल की परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। उरई नगर पालिका सहित विभिन्न पेयजल योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। गोहन-माधौगढ़ मार्ग और बंगरा-जगम्मनपुर मार्ग जैसे कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि संगठित अपराध में शामिल माफियाओं की 600 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं और नकल माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी है।
डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर और यूपी एग्रीज
भविष्य के रोडमैप को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झांसी और चित्रकूट में बन रहे डिफेंस कॉरिडोर और चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे का सीधा लाभ जालौन को मिलेगा। यहां 56 हजार एकड़ में फ्यूचर रेडी इंडस्ट्रियल टाउनशिप बनाने की योजना है, जिससे लाखों नौकरियां पैदा होंगी। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के लिए जालौन में 'डेटा सेंटर क्लस्टर' स्थापित किया जाएगा। बुंदेलखंड के सभी सात जिलों को 'यूपी एग्रीज' योजना में शामिल किया गया है, जिससे कृषि और महिला आजीविका (जैसे बैलैनी मिल्क प्रोड्यूसर) को नई ताकत मिल रही है।
लाभार्थियों का सम्मान और गणमान्य उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता राशि के चेक सौंपे। इनमें उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आजीविका समूह की महिलाओं को ₹13.14 करोड़ का चेक, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उमेदा को स्वीकृति पत्र, एआईएफ (AIF) के तहत कुशाग्र गुप्ता को ₹4 करोड़ का चेक, तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। इस भव्य अवसर पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में आम जनता मौजूद रही।