फिर हाईलाइट हुए IAS रिंकू सिंह राही, शहीद भगत सिंह पर टिप्पणी, बोले- वीडियो से हुई छेड़खानी
आईएएस रिंकू सिंह राही ने शहीद भगत सिंह पर अपनी टिप्पणी वाले वीडियो में छेड़खानी का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि पूरा संबोधन सुनने पर सच्चाई सामने आएगी।

HighLights
रिंकू सिंह ने भगत सिंह टिप्पणी वाले वीडियो में छेड़खानी का आरोप लगाया।
उन्होंने वीडियो प्रसारित करने वालों पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
जाटव समाज विकास महासभा ने आईएएस रिंकू सिंह की सुरक्षा मांगी।
जागरण संवाददाता, उरई। बिना काम के वेतन लेना नियम के विपरीत बताकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से इस्तीफा देने वाले अधिकारी व उरई सदर में एसडीएम न्यायिक रिंकू सिंह राही ने कहा कि पंद्रह अगस्त को उनके संबोधन के वीडियो में छेड़खानी की गई है। पूरा संबोधन सुना जाए तो साफ समझ में आ जाएगा।
उन्होंने क्रांतिकारियों की ओर से देखे गए सपने और आज बदलते समाज को लेकर कहा था। उन्हें बदनाम करने की यह साजिश है। कोतवाली में तहरीर देकर वीडियो प्रसारित करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। मानहानि और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा लगाई जाएं। फुटेज भी चेक हों।
रिंकू सिंह ने शनिवार को ध्वजारोहण के बाद कहा था कि लोग देश की आजादी का जश्न मना रहे हैं, जबकि जब देश गुलाम था तब किसानों का शोषण अपने ही लोगों ने किया था। जिन शहीद भगत सिंह को लोग आज क्रांतिकारी कहते हैं, वह घर के सबसे बेकार बच्चे थे और घर पर ही बैठे रहते थे।
मालूम हो कि पांच मई को रिंकू सिंह की जालौन तहसील में एसडीएम के पद पर पहली तैनाती हुई थी। जालौन से भाजपा ब्लाक प्रमुख राम राजा निरंजन से विवाद के बाद उन्हें 30 जून को उरई में एसडीएम न्यायिक बनाया गया।
पालिका के कार्यों की जांच कर रही टीम से हटाए जाने पर शासन को आधा काम तो आधा वेतन, संबंधी लिखा पत्र व डीएम के जनता दर्शन पर सवाल उठाते हुए पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित की थी। सदर तहसील में अधिवक्ताओं से भी रार चल रही है। सदर कोतवाली निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि न्यायिक एसडीएम रिंकू सिंह की तहरीर नहीं मिली है।
एसडीएम न्यायिक रिंकू सिंह राही को दी जाए सुरक्षा
जाटव समाज विकास महासभा ने एसडीएम (न्यायिक) के पद पर तैनात आईएएस रिंकू सिंह राही की सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार को दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि रिंकू सिंह निर्भीक, निष्पक्ष, कर्तव्यपरायण और ईमानदार अधिकारी हैं। महासभा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि सुरक्षा की शासन एवं जिला प्रशासन स्तर पर समीक्षा कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाए।
