'साहब, हमारा रास्ता ठीक करा दो'... पैरों में कीचड़ और हाथ में शिकायती पत्र लेकर खड़े बच्चों ने DM से लगाई गुहार
जालौन के बड़ी मड़ैया गांव के बच्चे कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

ग्राम बड़ी मड़ैया में रास्ते में हुए कीचड़ की समस्या के लिए जिलाधिकारी को लिखा पत्र दिखाते स्कूली बच्चे
HighLights
बड़ी मड़ैया के बच्चे कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं।
20 साल पुराने खड़ंजे और नाली की मरम्मत नहीं हुई।
बच्चों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
संवाद सूत्र, जालौन। डीएम साहब हम बड़ी मड़ैया गांव के बच्चे गांव में कीचड़ वाली गली से होकर स्कूल पहुंच पा रहे हैं। बीस साल पहले लगा खड़ंजा नाली न बनी होने से गंदा पानी से भरा हुआ है। सफाई न होने और रास्ता सही नहीं कराने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील कालपी के ग्राम बड़ी मड़ैया में संचालित प्राथमिक विद्यालय के कई बच्चों ने ग्रामीणों की मदद से डीएम को संबोधित पत्र लिखा और कीचड़ में खड़े होकर फोटो भी खिंचाई। ग्रामीणों ने बताया कि यह पत्र डीएम को देकर गांव के मार्ग को सही कराने की मांग की जाएगी।
बताया कि बच्चे बरसात के समय में बीते तीन साल से दलदल भरे रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। रास्ते पर करीब डेढ़ सौ मीटर सड़क न होने के कारण बारिश का पानी भरा रहता है। नाली निर्माण न होने के कारण गंदा पानी भी रास्ते में भर जाता है। जिस कारण बच्चे आए दिन स्कूल जाने में कतराते हैं। पत्र में कई बच्चों के भी हस्ताक्षर हैं।
पत्र भेजने के बाद भी नहीं ली गई सुध
ग्रामीणों ने करीब 25 से 30 बच्चों को खड़ा करके वीडियो भी बनाया। इसमें एक छात्रा ने बताया कि स्कूल जाते समय कीचड़ से होकर जाना पड़ता है।
शासन द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत और अन्य जन प्रतिनिधि को विकास योजना के तहत सड़क, नाली, खडंजा बनवाने के लिए लाखों रुपये आवंटित किया जाता है फिर भी जिम्मेदार काम नहीं करवा रहे हैं। ग्राम बड़ी मड़ैया में गांव के अंदर धारा सिंह राजपूत से बाला प्रसाद वाली गली में 150 मीटर 2005 में तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा खड़ंजा निर्माण कराया गया था।
उसी रास्ते पर प्राथमिक विद्यालय पड़ता है। रास्ते में उसके बाद से कोई निर्माण न होने से पानी भरने के कारण खडंजा कीचड़ में डूब गया है। ग्रामीण अरुण कुमार, लक्ष्मी चंद, रामशरण, अखिलेश, दयाराम, देवी प्रसाद, अर्चना देवी, शिवम राजपूत ने बताया कई बार ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी, डीपीआरओ को सड़क बनवाने के लिए पत्र भेज चुके हैं लेकिन कोई सुध नहीं ली।
गुरुवार को समस्या देखते हुए जिलाधिकारी के ग्रामीणों ने पत्र लिखा और उसमें स्कूल के कई बच्चों ने भी हस्ताक्षर करके जल्द ही सड़क बनवाने की मांग की है। बीडीओ अरुण कुमार सिंह का कहना है कि समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान व सचिव से बात की जाएगी। रास्ता निर्माण करवाने का प्रयास किया जाएगा।
