विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

23 KM की सड़क और 500 गड्ढे, जालौन में बदहाल सड़क से 2 लाख लोग परेशान; हर दिन हो रहे हादसे

Updated: Thu, 20 Aug 2026 02:15 PM (IST)

जालौन के कदौरा ब्लॉक में बरही बंबा से पथरेहटा तक 23 किमी सड़क पर 500 गड्ढे हो गए हैं, जिससे दो लाख लोग प्रभावित हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।

बरही बंबा से राठ को जोड़ने वाली सड़क

बरही बंबा से राठ को जोड़ने वाली सड़क

जागरण संवाददाता, जालौन। मरगाया के सुनील बाइक से पत्नी को लेकर कदौरा से घर लौट रहे थे कि गांव से पहले ही उनकी बाइक का अगला पहिया रोड के गहरे गड्ढे में गया और दंपती बाइक सहित रोड पर गिर गए। निकल रहे ग्रामीणों ने मदद कर संभाला और घर तक पहुंचाया।

बुधवार की शाम को हुई इस घटना की तरह इस बरही बंबा से पथरेहटा तक जाने वाली सड़क में दिनभर घटनाएं होती रहती हैं। बीस साल पहले 24 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी विभाग खंड तीन की ओर से इस कदौरा ब्लाक के बरही बंबा से जाने वाली सड़क पर अब करीब 500 गड्ढे हो चुके हैं।

23 किमी लंबाई की सड़क से करीब पचास गांवों के दो लाख लोगों की जीवनरेखा जुड़ी हुई है। इस रोड से ग्रामीणों के साथ मौरंग लाद कर वाहनों का भी निकलना होता है, इन्हीं वाहनों के कारण ही पूरी रोड गड्ढा में परिवर्तित हो चुकी है। ग्रामीणों ने करीब पांच बार सदर विधायक से इस सड़क को बनवाने की मांग की गई लेकिन हर बार प्रस्ताव भेजने की बात कह कर विराम दे दिया गया। इस समय बरसात के समय ग्रामीणों को वाहन से इस रोड से निकलना कठिन हो गया है।

कदौरा ब्लॉक क्षेत्र में बरही बंबा से पथरेहटा मार्ग को जोड़ने वाली बनी 23 किमी की सड़क पीडब्ल्यूडी खंड तृतीय की ओर से बनी थी। बीच में मरम्मत न होने और लगातार ओवरलोड मौरंग के वाहनों की निकासी के कारण यह रोड टूटता चला गया।

आज हालात यह हैं कि हर चार कदम पर एक गड्ढा है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से निकलने वाले दोपहिया वाहन चालकों की जान पर पड़ आती है। प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे, किसान, व्यापारी इसी मार्ग से गुजरते हैं। करीब सौ गांव के दो लाख लोगों का जुड़ाव इसी मार्ग से है।

मुसीबत में 100 गांव के लोग

बरही बंबा का यह रोड दादूपुर, कुरहना, मटरा, मवई ब्राह्मण, शहीद नगर, सरसई डेरा, करमचंद पुर, नगवा, बसरेही, चंदरसी, समसी, कुनेहटा, अल्मोड़ी, बसरेही डेरा, कनाखेड़ा, मरगाया डेरा, क्योटरा डेरा, कुआं खेड़ा, हिमनपुरा और पथरेठा आजि सौ छोटे-बड़े गांवों को जोड़ते हुए कदौरा से राठ मार्ग को मिलाता है।

अल्मोड़ी, बसरेही, रुरुवा, हिमनपुरा, क्योंटरा, पथरेहठा और चंदरसी स्थित खनन पट्टों से निकलने वाली मौरंग इसी मार्ग से वाहन लेकर गुजरते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, कमिश्नर, विधायक व उपमुख्यमंत्रियों, प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री तक लिखित शिकायतें भेज चुके हैं।

भेजा जा चुका प्रस्ताव

23 किलोमीटर लंबी इस सड़क का 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। यह सात मीटर चौड़ी आरसीसी (सीमेंट कंक्रीट) सड़क का प्रस्ताव है, जिससे ओवरलोडिंग का असर न पड़े। जैसे ही शासन से बजट स्वीकृत होकर विभाग को धन प्राप्त होगा, निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा। महेंद्र सिंह, एक्सइएन लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय।

यह भी पढ़ें- जालौन में सुसाइड से पहले वीडियो बनाने वाले मजदूर के मामले में प्रशासन ने लिया संज्ञान, परिजनों को मिलेंगे 5 लाख रुपए