जालौन में डंपर की टक्कर से चाचा की मौत, 20 मीटर घिसटा भतीजा गंभीर रूप से घायल
जालौन में झांसी-कानपुर हाईवे पर एक डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे चाचा की मौत हो गई और भतीजा 20 मीटर तक घिसटता हुआ घायल हो गया। ...और पढ़ें
-1784630814354_m.webp)
HighLights
जालौन में डंपर की टक्कर से चाचा की मौत।
भतीजा 20 मीटर तक घिसटता हुआ गंभीर रूप से घायल।
हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर चमारी नाला के पास।
जागरण संवाददाता, जालौन। आटा थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर मंगलवार की सुबह 10 बजे चमारी नाला के पास करीब 70 किमी की रफ्तार से जा रहे डंपर ने बाइक चालक को टक्कर मार दी।
बाइक चला रहा चाचा उछलकर सड़क पर जा गिरे जबकि भतीजा डंपर के बोनट में फंस गया और वह बोनट पकड़े हुए बीस मीटर तक घिसटता चला गया और घायल हो गया।
लोगों के शोर मचाने पर चालक ने डंपर रोका और भाग गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया जहां डाक्टर ने चाचा को मृत घोषित कर दिया। डंपर हाईवे पर काम करा रही कार्यदायी संस्था का था।
हाईवे का संकट मोचन मंदिर से बारा जोड़ तक मरम्मत का कार्य चल रहा है। जिसका प्लांट चमारी के पास वृंदावन हाईटेक सिटी सोसायटी में बना हुआ है। मंगलवार को ग्राम बैरई निवासी 42 वर्षीय चांद खां अपने 32 वर्षीय भतीजे मोहम्मद जहीद के साथ उरई प्लांट के रुपये लेने जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक हाईवे पर चमारी नाला के पास पहुंची तो प्लांट के अंदर से निकले डंपर ने उसमें टक्कर मार दी। इससे चांद खां सड़क पर उछलकर जा गिरे और जहीद बोनट में फंस गया।
चलते डंपर में जहीद ने बोनट को पकड़ लिया इस कारण वह पहिया के नीचे आने से बच गया लेकिन बीस मीटर तक घिसटता चला गया। जब रुका तो जहीद घायल हालत में बाहर निकला। हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए भेजा। मेडिकल कालेज में चांद खां को मृत घोषित कर दिया। घर में पत्नी साबरा व पुत्र हैं। चांद खां गांव में किराना की दुकान चलाते थे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।