विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन में पत्नी की खुदकुशी के 10 दिन बाद पति ने दी जान, हत्या केस के डर से तनाव में था; तीन साल की बेटी हुई अनाथ

Published: Wed, 21 Oct 2026 05:52 PM (IST)

जालौन में पत्नी की आत्महत्या के 10 दिन बाद पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी के मायके ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पत्नी की आत्महत्या के 10 दिन बाद पति ने जान दी

  2. हत्या का मुकदमा दर्ज होने के डर से तनाव में था

  3. तीन साल की मासूम बेटी अनाथ हो गई

जागरण संवाददाता, जालौन। पत्नी की आत्महत्या के बाद जेल जाने के डर से पति ने भी जान दे दी। महिला के मायके वालों की ओर से हत्या का आरोप लगाया गया था जिससे वह तनाव में था।

सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम दहेलखंड में पत्नी के आत्महत्या कर लेने के 10 दिन बाद हत्या के मुकदमा दर्ज होने के डर से बुधवार दोपहर को युवक ने जंगल में पेड़ से फंदा लगा कर जान दे दी।

युवक के बड़े भाई राजेश ने बताया कि पत्नी के आत्महत्या करने के बाद उसके मायकों वालों की ओर से दी गई हत्या की तहरीर के बाद से उसका भाई परेशान था और तनाव में चल रहा था। हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है और मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

ग्राम दहेलखंड निवासी 30 वर्षीय भूरे कठेरिया मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण कर रहा था। उसकी 27 वर्षीय पत्नी शिवानी ने 11 अक्टूबर को घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी थी।

भाई राजेश कठेरिया ने बताया कि भूरे की शादी जनवरी 2023 में हुई थी। पत्नी की मौत के बाद उसकी मां सीमा देवी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि बेटी की गला घोंटकर हत्या करके खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया था।

पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लगातार ससुराली पक्ष के बढ़ते दबाव से भूरे कठेरिया मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उसे डर सता रहा था कि कहीं पत्नी की मौत के मामले में उसे भी जेल न जाना पड़े। उसके तीन साल की बेटी भी है।

युवक कई बार ससुराल गया और सास से कार्रवाई न करने की मिन्नतें भी की थीं। मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है और दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। इसी तनाव के कारण बुधवार की दोपहर भूरे घर से निकल गया था, जिसके बाद यमुना किनारे जंगल में नरहान गांव के पास बबूल के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी।

लोगों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो पुलिस व स्वजन को सूचना दी। कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया।

सिरसा कलार थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि अभी जांच चल रही थी और मामला खुदकुशी का था इस कारण मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।

सीओ जालौन अजय कुमार सिंह का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद मुकदमे दर्ज हो जाने के डर से युवक ने खुदकुशी की है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में कानपुर कनेक्शन, पकड़ी गई महिला का दादारपुर गांव से जुड़ा है रिश्ता, गांव पहुंची पुलिस

यह भी पढ़ें- कानपुर में रिश्तों का कत्ल, बड़े भाई ने छोटे को ईंट से सिर कुचलकर मार डाला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।