वृद्धावस्था पेंशन की किश्त नहीं पहुंची तो न हों परेशान, जल्द पहुंचेगी धनराशि<br/>
समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन की रुकी हुई किश्तें जल्द ही लाभार्थियों के खातों में पहुंच जाएंगी। उन्होंने पेंशन ...और पढ़ें

दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर कार्यक्रम में पाठकों के सवालों का जवाब देते समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह। जागरण
HighLights
रुकी हुई पेंशन किश्तें जल्द खातों में पहुंचेंगी।
नए आवेदकों को भी शीघ्र मिलेगी पेंशन।
डाकघर में खाता खुलवाकर आधार लिंक करें।
जागरण संवाददाता, उरई। अगर किसी पेंशनार्थी की वृद्धावस्था पेंशन की तीसरी किस्त दिसंबर, जनवरी में मिली है और चौथी किस्त नहीं पहुंची है तो उसको परेशान होने की जरूरत नहीं है। जल्दी ही उनके खातों में पैसा पहुंच जाएगा। लोगों को विभाग के भी चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारी कर्मचारी पूरी तन्मयता के साथ लगे हुए हैं। इसके अलावा अगर किसी प्रकार की समस्या है तो उसके लिए विभाग आकर संपर्क कर सकते हैं। समस्या का त्वरित निराकरण कराया जाएगा। यह बात समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बुधवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर कार्यक्रम के दौरान पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए कही।
- प्रश्न : समाज कल्याण विभाग द्वारा जनपद भर में कितने लोगों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। सभी की पेंशन पहुंच रही है।, अतुल कुमार उरई
- उत्तर : समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत जिले भर में 87,200 लोगों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। लगभग सभी के खातों में पेंशन की धनराशि पहुंच रही है। अगर किसी की पेंशन नहीं पहुंच रही है तो उसके लिए विभाग में संपर्क करें ताकि समस्या का वास्तविक कारण पता चल सके।
- प्रश्न : वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लोगों की तीसरी किश्त मिल चुकी है लेकिन चौथी किश्त अभी तक नहीं मिली है जिससे लोग परेशान हो रहे हैं।, राम सनेही माधौगढ़
- उत्तर : जिन पेंशनार्थियों की दिसंबर, जनवरी में तीसरी किश्त मिली है और चौथी किश्त नहीं मिल पाई है वह लोग परेशान न हों। जल्दी ही उनके खातों में पेंशन की धनराशि पहुंच जाएगी। इसको लेकर कार्रवाई चल रही है। जल्दी ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
- प्रश्न : वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक उनको कोई किश्त नहीं मिल पाई है। इसकी वजह क्या है। कब तक पेंशन की किश्त मिलने की उम्मीद है।, भगवती जालौन
- उत्तर : जिन लोगों ने पेंशन के लिए नया आवेदन किया है उनकी जनपद स्तर से सभी औपचारिकताएं पूर्ण करा ली गई हैं। किसी भी पात्र लाभार्थी को छोड़ा नहीं गया है। बजट आने पर जल्दी ही नए आवेदकों के खातों में पेंशन की धनराशि पहुंच जाएगी। कोई परेशान होने की जरूरत नहीं है।
खबरें और भी
- प्रश्न : पेंशन योजना के तमाम लाभार्थी ऐसे हैं जिनको पहले पेंशन मिल रही थी लेकिन इधर कुछ महीनों से उनको पैसा नहीं मिला है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।, जगराम रामपुरा
- उत्तर : जिन लोगों को पेंशन मिल रही थी और फिलहाल नहीं मिल रही है, ऐसे पेंशनार्थी पोस्ट आफिस में अपना खाता खुलवा लें। डाकघर में एपीसीआई लिंक खाता खोला जाता है। इसके बाद अपने आधार कार्ड की फोटो कापी विभाग पहुंच कर जमा करें। समस्या का समाधान हो जाएगा।
- प्रश्न : पेंशन के लिए आवेदन करना हो तो क्या करना होगा। इसकी सही जानकारी कैसे मिल सकती है। इसके बारे में बताएं।, रामकुमार उरई
- उत्तर : नया आवेदन करने के लिए नजदीक के जनसुविधा केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। ब्लाक स्तर भी इसकी जानकारी की जा सकती है। विस्तार से जानकारी लेने के लिए विभाग में संपर्क किया जा सकता है। आनलाइन आवेदन की सुविधा भी मिल रही है।
- प्रश्न : पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर अगर कोई विभाग में जाता है तो उसका काम एक बार में नहीं होता है। कई बार चक्कर काटने पड़ते हैं।, अनुज उरई
- उत्तर : विभाग में ऐसी कोई बात नहीं है। हर आने वाली की समस्या को सुनकर उसका त्वरित निस्तारण किया जाता है। अगर कोई कर्मचारी बात नहीं सुनता है तो उनसे सीधा शिकायत की जा सकती है। विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों का दायित्व है कि वह लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराए।