Jalaun Sadar MLA Report Card: सड़क-पुल और पर्यटन को मिली रफ्तार, सीवरलाइन के साथ स्वास्थ्य-शिक्षा में अभी इंतजार
उरई सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा के चार साल के कार्यकाल में सड़क, पुल और पर्यटन में विकास हुआ है, लेकिन सीवरलाइन, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसे कई अहम मुद्दे ...और पढ़ें

HighLights
उरई सदर विधानसभा से भाजपा के गौरीशंकर वर्मा हैं विधायक
सदर सीट में 375219 कुल मतदाता हैं जिसमें 203943 पुरुष मतदाता
जागरण संवाददाता, उरई। भाजपा प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल में सदर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक की ओर से सदन में कार्यवाही के दौरान कई प्रमुख मुद्दों पर ध्यान आकर्षित कराया गया। इसमें कुछ में तो उन्हें सफलता मिली, कई अभी भी इंतजार की कतार में हैं। जिले की तीन विधानसभा सीटों पर दो पर भाजपा काबिज है। वहीं कालपी विधानसभा क्षेत्र से सपा के विधायक हैं।
विपक्ष में रहते हुए उनकी ओर से भी विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए पर्यटन, सड़क आदि के सरकार की ओर से काम भी कराए गए हैं। सरकार ने गंभीरता दिखाते हुए कुछ प्रमुख समस्याओं का निराकरण कराया। लगातार दो पंचवर्षीय योजना से भाजपा के सदर विधायक रहे गौरीशंकर वर्मा की ओर से सदन में विधानसभा क्षेत्र की कई समस्याओं को पटल पर तो रखा गया, लेकिन इसमें कई ज्वलंत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हैं। उनमें सीवरलाइन, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की समस्याएं प्रमुख हैं।
उरई (सदर) विधानसभा सीट पर हुए 2022 के चुनाव में भाजपा के गौरी शंकर वर्मा ने सपा के दयाशंकर वर्मा को 37,648 वोटों के अंतर से हराया था। सदर विधानसभा क्षेत्र में शहर के साथ जालौन कस्बा, डकोर ब्लाक व ग्रामीण क्षेत्र में करीब पौने दो सौ गांव शामिल होते हैं। इस क्षेत्र में भाजपा के गौरी शंकर वर्मा लगातार दो पंचवर्षीय योजना से विधायक हैं। इसके बाद भी क्षेत्र में कई प्रमुख समस्या आज भी खड़ी हैं।
उसमें जालौन कस्बा में पेयजल की समस्या और नगरीय क्षेत्र का सही तरह से विकास न होना शामिल है। वैसे सड़क, पुल, पर्यटन के क्षेत्र में कुछ विकास हुआ है और उसका असर भी दिख रहा है। वहीं कई ऐसे मुद्दे भी हैं जिन पर विधायक की ओर से ध्यान नहीं दिया गया। शहर में सीवर लाइन न होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या हर साल होती है। उच्च शिक्षा की व्यवस्था नहीं है। मेडिकल कालेज है लेकिन कार्डियोलाजी व न्यूरोलाजी की सुविधा नहीं है।
खबरें और भी
उरई सदर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं
- मेडिकल कालेज में कार्डियोलाजी व न्यूरोलाजी की व्यवस्था अभी तक नहीं हो सकी है।
- शहर में पार्किंग की सुविधा न होने से जाम की परेशानी हो रही है।
- सीवर लाइन न होने से जलभराव जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
- इंजीनियरिंग कालेज की मांग होती रही है लेकिन आज तक पूरी नहीं हुई।
- अजनारी रोड पर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज होने की मांग होती रही है।
ये हुए प्रयास
- विधायक द्वारा किए गए प्रयास में राजकीय मेडिकल कालेज में न्यूरोलाजी व कार्डियोलाजी के लिए शासन स्तर पर मांग रख चुके हैं।
- शहर में पार्किंग की समस्या के निराकरण के लिए राठ रोड पर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है।
- शहर में नगर विकास मंत्रालय में सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
- शहर में इंजीनियरिंग कालेज और सैनिक स्कूल के लिए रक्षामंत्री को पत्राचार किया है।
- अजनारी क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाने के लिए प्रस्ताव दिया था।
क्षेत्र में मतदाता
- विधानसभा सीट उरई-जालौन सदर सीट (सु.) (221) में कुल मतदाता 375219 हैं।
- पुरुष मतदाता: 203943,
- महिला मतदाता-171249,
- थर्ड जेंडर: 27
एट-कोटरा मार्ग पूरी तरह से सही हो चुका है, राजकीय मेडिकल कालेज में एमआरआई मशीन की स्थापना होनी है, सीटी स्कैन की सुविधा मिल रही है, शहर में नवीन तहसील भवन, शहर के अंदर की आरसीसी सड़क बन चुकी है, कई पार्कों के सुंदरीकरण का काम किया गया है, कई सड़कें, पुल, पुलिया का काम किया गया है, कई प्रस्तावित हैं, शहर में प्रमुख नालों का काम तेजी के साथ कराया गया। 2 करोड़ से मुक्तिधाम निर्माण कराया है। 2 करोड़ से धर्मशाला व बारात घर, 1.5 करोड़ से प्रतीक्षालय, 1.5 करोड़ से प्रकाश व्यवस्था की गई है। दंगल स्टेडियम व दो गेट निर्माण कराए गए हैं। सुशील नगर बाईपास के पास पुलिया निर्माण में माटी भरान का काम कराया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में जालौन, डकोर और स्वास्थ्य केंद्र पिंडारी, स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर में एक-एक हेल्थ एटीएम दिया गया।
गौरीशंकर वर्मा, उरई सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक।
विपक्षी का पक्ष
भाजपा विधायक का जनता ने भरोसा किया, लेकिन उनकी ओर से धोखा ही मिला है। जिस विश्वास के साथ जनता ने जिताया उस पर वह खरा नहीं उतरे हैं। युवाओं के लिए रोजगार की कोई योजना नहीं ला सके। उद्योग जो भी बंद थे वह वैसे ही पड़े हैं। केवल जनता से झूठे वादे किए गए और कुछ नहीं किया। विकास कार्यों में भी इसी तरह से गलत बयानबाजी की गई है। केवल झूठे दावे होते रहे, कोई विकास कार्य भी नहीं कराया गया। शहर से लेकर क्षेत्र तक में ढेरों समस्याएं हैं।
दयाशंकर, सपा, विधानसभा चुनाव के रनर अप।
लोगों की बातचीत
विधायक की ओर से शहर में सड़क तो ठीक बनवा दी गई लेकिन पार्किंग की समस्या का निराकरण अभी तक नहीं हो सका है, इससे आए दिन जाम की समस्या से व्यापारी के साथ आम जनता जूझती रहती है। इसे हर हालत में दूर किए जाना चाहिए।
जीवनराम गुप्ता, व्यापारी, उरई।शहर में कुछ पार्कों को सही किया गया है लेकिन अभी भी एक बड़े पार्क की जरूरत है, साथ ही जलभराव की समस्या से आम जनता हर साल बरसात में परेशान होती है, इस ओर विधायक को ठोस प्रयास करने चाहिए थे, इससे व्यापार भी प्रभावित होता है और दुकानदारों को नुकसान होता है।
अमूल महेश्वरी, व्यापारी, उरई।विधायक की ओर से भले ही कई सड़कों का निर्माण कराया गया हो लेकिन शहर के अंदर ही करमेर रोड से बैंक कॉलोनी जाने वाली सड़क पूरी तरह से ध्वस्त है, नालों की स्थिति बहुत खराब है, स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभी भी बहुत से किए वादे पूरे नहीं किए जा सके हैं।
राजेंद्र सिंह, व्यापारी।-सीवर लाइन की बहुत जरूरत है, इसकी वजह से ही सफाई व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है, बरसात में भी जगह-जगह जलभराव होता है, जो भी गंदा पानी या बरसात का पानी निकलता है तो वह एक ही मात्र बड़े नाला मलंगा में जाता है, इसकी वजह से वह भी उफना जाता है।
अजय इटौरिया, समाजसेवी।