कालपी में डिवाइडर से टकराया ट्राला, कानपुर-झांसी हाईवे पर लगा तीन घंटे तक जाम
कानपुर-झांसी हाईवे पर कालपी में यमुना पुल पर एक ट्राला डिवाइडर से टकराने के बाद तिरछा हो गया, जिससे तीन घंटे तक पांच किमी लंबा जाम लगा रहा। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जालौन। कानपुर-झांसी हाईवे पर कालपी में नए यमुना पर रविवार रात एक बजे कानपुर की ओर से आ रहा एक ट्राला अस्थाई डिवाइडर से टकरा कर तिरछा हो गया।
थोड़ी देर में यमुना पुल से मंडी तक पांच किमी लंबी वाहनों की कतार लग गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से ट्राला को किनारे करा कर यातायात बहाल कराया। तीन घंटे तक करीब जाम लगा रहा।
इसी दौरान सोमवार सुबह चार बजे ईंट लाद कर भोगनीपुर से आ रहा ट्रैक्टर ट्राली कानपुर की ओर जा रहे मिनी ट्रक से टकरा गया। इससे भी टीम ने किनारे किया और इस दौरान सुबह सात बजे तक वाहन रेंग-रेंग कर निकल सके।
हाईवे पर 56 साल पुराने यमुना पुल की 22 मई से चल रही मरम्मत के कारण नए पुल पर आए दिन जाम लग रहा है। इधर एक जुलाई से मौरंग खनन का काम बंद होने से ओवरलोड वाहनों की निकासी कम होने से जाम से राहत थी, लेकिन एक बार फिर एक ही पुल से वाहनों की निकासी होने की समस्या के कारण रविवार रात व सोमवार सुबह करीब तीन घंटे तक जाम रहा और सुबह तक वाहन रेंगते हुए निकल सके।
इस समय मौरंग लदे वाहनों की संख्या कम है लेकिन और वाहनों की आवाजाही रात के समय अधिक होती है। साथ ही नए पुल पर अधिक दबाव की वजह से भी जाम की समस्या हो रही है।
पुराने पुल की बेयरिंग और अन्य कार्यों को करा रही सेंट फील्ड इंडिया लिमिटेड के प्रोजेक्ट इंजीनियर सैय्यद तकी रजा ने बताया कि पुराने पुल का काम पूरा होने में कुछ समय और लग सकता है। जाम की वजह से रविवार की आधी रात से लेकर सोमवार सुबह तक यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।