जालौन में अपहरण के बाद हत्या कर शव जलाने के आरोपी दंपती गिरफ्तार, 50-50 हजार का था इनाम
उरई में अपहरण और हत्या के मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर मृतक का शव जला देने का आरोप है। ...और पढ़ें

अपहरण के बाद हत्या कर शव जलाने के आरोपी दंपती गिरफ्तार।
HighLights
उरई में अपहरण और हत्या के मामले में दंपति गिरफ्तार।
आरोपियों ने विजेंद्र मोर का शव जलाकर ठिकाने लगाया था।
गिरफ्तार दंपति पर पुलिस ने 50-50 हजार का इनाम रखा था।
जागरण संवाददाता, उरई। बुधवार की रात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, एसओजी व सर्विलांस की टीम ने कदौरा क्षेत्र के ग्राम चतेला में फार्म हाउस से अपहरण कर हत्या के मामले में दंपती को गिरफ्तार कर लिया। जिन पर पुलिस महा निरीक्षक झांसी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपितों की निशानदेही पर अपहृत की हत्या कर उसके शव को हमीरपुर जिला के थाना जलालपुर ग्राम कुपरा के पास जंगल में ले जाकर 40 लीटर डीजल डालकर जला दिया था। पुलिस ने मौके से मृतक बिजेंद्र की हड्डियां बरामद कर डीएनए टेस्ट के लिए भेज दी हैं।
मृतक का आरोपित महिला से संबंध थे बाद में उसने शादी कर तो दोनों को विजेंद्र मोर मारने की धमकी देता था। विजेंद्र मोर का एक व्यापारी से जमीन के मामले में चार करोड़ का लेनदेन था इसी कारण सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपित हरियाणा के निवासी हैं।
अपहरण व हत्या की घटना 4 मई को हुई थी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जा रही पुलिस टीम के चार जवान व वादी हादसे में मृत हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देन की घोषणा की है। दो आरोपितों की तलाश की जा रही है।
खबरें और भी
ग्राम रिनिया में अभीष्ठ तिवारी के खेत को किराए पर लेकर अमरीक खेती करता था। खेती में सहारे के लिए उसने मौसेरे भाई हरियाणा थाना जींद थाना सिविल लाइन अमरहेडी सब्जी मंडी रोड निवासी बिजेंद्र मोर को भी बुला लिया था। चार मई को अमरीक ने पुलिस को बताया था कि उनके घर पर कुछ लोग आए और उसके मौसेरे भाई बिजेंद्र मोर को कार में बंधक बनाकर ले गए हैं।
इस मामले में पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज देखा तो कार हरियाणा जनपद के नंबर की थी। इसी दौरान हल्का इंचार्ज सत्यभान के मोबाइल पर फोन आया था कि हरियाणा पुलिस से उप निरीक्षक बोल रहा हूं और बिजेंद्र को वह लोग अपने से मुकदमा में वांछित होने पर ले आए हैं।
अपहरणकर्ता की मोबाइल लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम हरियाणा के लिए निकल गई। पांच मई की सुबह 9 बजे के लगभग रास्ते में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक वाहन से टकरा जाने से स्कार्पियो सवार चार पुलिस कर्मी मंडी चौकी प्रभारी मोहित यादव, हल्का इंचार्ज सत्यभान, आरक्षी अशोक कुमार, प्रदीप कुमार व वादी अमरीक की हादसे में मौत हो गई थी।
इस मामले में पुलिस को हरियाणा थाना जींद ग्राम शामलो कला निवासी भगवान पाल, संजीव उर्फ कोकला, मोहित मलिक व हरियाणा जिला झज्जर थाना बेरी ग्राम बिसान निवासी अमजीत के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस ने जब पूरे मामले की जांच की तो पता चला इसमें मोहित मलिक की पत्नी सपना रानी भी शामिल है।
तीन महीने तक आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर जून के महीने में पुलिस महानिरीक्षक झांसी ने सभी आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और वारंट जारी कर हरियाणा पुलिस को भेज दिया था।
बुधवार की रात को सर्विलांस व कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि मोहित मलिक व उसकी पत्नी सपना रानी कदौरा क्षेत्र में किसी फार्म हाउस पर आए हैं। इस पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने सर्विलांस व एसओजी टीम की मदद से ग्राम चतेला में फार्म हाउस से दंपती को गिरफ्तार कर लिया।
4 करोड़ रुपये व धमकी से परेशान होकर की हत्या
पूछताछ में बताया कि मोहित मलिक व सपना रानी ने बताया कि पहले बिजेंद्र से सपना रानी के संबंध थे बाद में उसने मोहित मलिक से शादी कर ली तब भी विजेंद्र सपना से बात करता रहा तो मोहित ने विरोध किया जिस पर वह मारने की धमकी देने लगा।
इसी दौरान मोहित का संपर्क हरियाणा निवासी आजाद सरपंच से हुआ जिसे विजेंद्र को चार करोड़ रुपये देने थे। रुपये न देना पड़े इस पर सभी ने मिलकर विजेंद्र के हत्या की योजना बना ली। इसके बाद भगवान पाल, अमरजीत, मोहित मलिक व संजीव उर्फ कोकला ने उसका अपहरण कर कार में ही हत्या कर दी और 4 मई की रात ही हमीरपुर के कुपरा गांव के जंगल में उसका शव 40 लीटर डीजल डालकर जला दिया था।
साथ ही जिस कंबल में शव लपेटा था वह भी वहां फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपित मोहित मलिक व सपना रानी की निशानदेही पर विजेंद्र के जले शव की हड्डियां बरामद कर डीएनए टेस्ट के लिए भेजी हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने दोनों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
तीन महीने पहले के अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। दो आरोपितों को जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
विनय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक