पंचायत चुनाव की रंजिश में पूर्व प्रधान को अगवा कर पीटा, जूतों की माला पहनाई फिर लूटा
उरई के हथनौरा गांव के पूर्व प्रधान को पंचायत चुनाव की रंजिश में अगवा कर पीटा गया, जूतों की माला पहनाई गई और लूटपाट की गई। ...और पढ़ें

HighLights
पूर्व प्रधान को पंचायत चुनाव की रंजिश में अगवा किया।
कार सवारों ने पीटा, जूतों की माला पहनाई, वीडियो बनाया।
सोने की चेन, अंगूठी और नकदी लूटकर फेंक गए।
जागरण संवाददाता, जालौन। पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते चुर्खी थाना के ग्राम हथनौरा के पूर्व प्रधान को अगवा कर कार सवारों ने पीटा और फिर उन्हें जूतों की माला पहनाई और वीडियो बनाया। उनसे 2,700 नकदी व दो सोने की अंगूठी व सोने की जंजीर लूटने के बाद कार से फेंक कर भाग गए। पीड़ित ने बुधवार को चुर्खी थाने में तहरीर देकर नौ नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पूर्व प्रधान के चेहरे व शरीर पर चोट के निशान हैं।
पुलिस को ग्राम हथनौरा के पूर्व प्रधान वीर सिंह ने बताया कि वह 19 जुलाई को महेवा में एक अंतेष्टि में शामिल होने गया था। वहां से लौटते समय रात हो गई। वह पैदल ही गांव लौट रहे थे कि रास्ते में पिपरौंधा-हथनौरा मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइकों व एक कार में सवार कई लोगों ने उसे घेर लिया। उनके हाथों में लाठी-डंडा थे। उसे पीटा और फिर हाथ-पैर बांध कर कार में डाल लिया।
कार में भी उसे पीटते रहे और फिर जूतों की माला पहनाई और वीडियो बना कर धमकाया कि उसे प्रसारित कर बदनाम करेंगे। इसके बाद उसे कालपी में शशिकांत उर्फ कल्लू ठाकुर के फार्म हाउस ले गए। जहां लाठी, डंडों से मारपीट की। उसके गले में पड़ी सोने की चेन व 2700 रुपये व दो सोने की अंगूठी छीन ली। वहां से फिर कार में डालकर सिकरी पावर प्लांट के पास फेंक कर भाग गए।
बताया कि इस पंचवर्षीय से पहले वह हथनौरा पंचायत के प्रधान थे। उसी चुनाव के दौरान इन लोगों से मारपीट हुई थी, तभी से यह आरोपित रंजिश मानते हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रूरा गांव निवासी चंद्रपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह उर्फ बल्लू राणा, श्रीकांत, शशिकांत, अनुज सिंह, सुरजीत बरनाले, भिटारा निवासी वीर सिंह, भिटारी निवासी विश्वनाथ सिंह, दुष्यंत सिंह व चार अज्ञात के विरुद्ध अपहरण, मारपीट व लूट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। चुर्खी थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, विवेचना की जा रही है।