उरई में फैमिली रेस्टोरेंट की आड़ में सेक्स रैकेट, किशोरी सहित 4 युवतियां व 4 युवक पकड़े, कानपुर से जुड़ा है नेटवर्क
उरई के उमरारखेड़ा स्थित एसएमएस फैमिली रेस्टोरेंट में पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान एक किशोरी, दो युवतियों और एक महिला ...और पढ़ें

रेस्टोरेंट से बाहर निकलती युवतियां। जागरण
HighLights
मौके से एक किशोरी, दो युवतियां व एक महिला को भी हिरासत में लिया गया
चार युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया, रेस्टोरेंट संचालक दोनों पार्टनर भागे
जागरण संवाददाता, उरई। सदर कोतवाली के मुहल्ला उमरारखेड़ा में झांसी चुंगी के पास शनिवार शाम को एसएमएस फैमिली रेस्टोरेंट में सेक्स रैकेट पकड़ा गया। मौके से रेस्टोरेंट से संचालक दोनों पार्टनर भाग निकले। मौके से एक महिला, एक किशोरी व दो युवतियों को हिरासत में लेने के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।
कमरों से अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई जिसको सील कर दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक के साथ भवन मालिक व चारों युवकों के विरुद्ध पाक्सो व अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
सदर कोतवाली निरीक्षक आनंद कुमार सिंह को शनिवार की शाम सूचना मिली कि झांसी रोड चुंगी के पास करीब चार माह से संचालित एसएमएस फैमिली रेस्टोरेंट में सेक्स रैकेट चल रहा है। जिसमें बाहर से भी कुछ युवतियां आई हैं। शाम करीब पांच बजे कोतवाली निरीक्षक, कोंच बस स्टैंड चौकी प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने पुलिस फोर्स के साथ रेस्टोरेंट को घेर लिया। पुलिस की टीम जब अंदर घुसी तो वहां अफरा तफरी मच गई और रेस्टोरेंट संचालक जनपद के थाना डकोर ग्राम चिल्ली निवासी शिवा और सचिन भाग निकले।
पुलिस को एक युवक कमरे में आपत्तिजनक हालत में मिला। अन्य कमरों की तलाशी लेने पर कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने 44 वर्षीय महिला, 17 वर्षीय किशोरी, 21 वर्षीय व 23 वर्षीय युवतियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। जिसमें एक युवती कानपुर नगर की निवासी है जबकि अन्य तीनों जिले के अलग-अलग क्षेत्रों की हैं।
खबरें और भी
मौके से शहर के मुहल्ला बघौरा निवासी चंद्रकिशोर, लहरियापुरवा निवासी मुकीम, एट थाना क्षेत्र के ग्राम पचोखरा निवासी धीरज कुमार व ग्राम नरछा निवासी गौरव सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। भवन स्वामी कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा निवासी हरिदास साहू भी मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर कोतवाली में बंद कर दिया है।
सूचना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपितों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि दो युवतियां, एक किशोरी व एक महिला के साथ चार युवकों को पकड़ा गया है। पाक्सो के साथ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को जेल भेजा जाएगा, जबकि युवतियों व महिलाओं को जमानत कर छोड़ दिया जाएगा।