UP Police पर दाग... सिपाही ने इंस्टाग्राम पर युवती से की दोस्ती, फिर शादी का वादा कर किया दुष्कर्म
यूपी पुलिस के एक सिपाही पर युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। ...और पढ़ें

HighLights
सिपाही के मुकरने पर पीड़िता ने जालौन कोतवाली में दर्ज कराया मुकदमा
औरैया निवासी आरोपित सिपाही फतेहगढ़ के कादरी गेट थाने में है तैनात
जागरण संवाददाता, उरई। इंस्टाग्राम के माध्यम से फतेहगढ़ में तैनात सिपाही ने उरई की एक युवती से दोस्ती की। नजदीकी बढ़ने पर शादी करने का वादा किया और उसे बहाने से होटलों में ले जाकर उससे दुष्कर्म करता रहा। युवती ने जब भी शादी करने की बात कही तो वह उसे टालता रहा।
कुछ दिन पहले युवती को पता चला कि सिपाही की शादी तय हो रही है तो उसने जालौन कोतवाली में तहरीर देकर आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। औरैया निवासी आरोपित सिपाही वर्तमान में फतेहगढ़ के कादरी गेट थाने में तैनात है।
उरई कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने सीओ जालौन अजय कुमार सिंह को बताया कि दिसंबर 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम एप के माध्यम से औरैया कस्बा निवासी क्षितिज गौतम से हुई थी। जो वर्तमान में फतेहगढ़ जनपद के कादरी गेट थाने में सिपाही के पद पर तैनात है।
इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। इसी दौरान सिपाही ने उसे प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने का वादा किया। युवती का कहना है कि उसने भी इस रिश्ते को गंभीरता से लिया और परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी।
खबरें और भी
सिपाही ने पहली बार उसे मिलने के लिए जालौन कस्बा बुलाया। इसके बाद वह उसे उरई, कानपुर, औरैया, आगरा सहित अन्य स्थानों पर ले गया। क्षितिज ने उसे लगातार शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वह लगातार जल्द ही शादी करने का आश्वासन देता रहा। कुछ समय पहले क्षितिज ने उससे बातचीत कम कर दी और बाद में पूरी तरह संपर्क समाप्त कर दिया। जब उसने इसकी वजह जानने का प्रयास किया तो पता चला कि उसकी शादी कहीं और तय हो गई है। इसके बाद वह स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
सीओ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित सिपाही क्षितिज गौतम के विरुद्ध शाम को मुकदमा दर्ज कर लिया है। जालौन सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।