Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जौनपुर में सड़क के किनारे खड़े ट्रक में घुसी कार, दो दर्शनार्थियों की मौत और तीन की हालत गंभीर

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 07:41 PM (GMT+05:30)

    जौनपुर में वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे उन्नाव के दो दर्शनार्थियों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए ...और पढ़ें

    जौनपुर में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत और तीन लोग गंभीर।

    जौनपुर में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत और तीन लोग गंभीर।

    HighLights

    1. जौनपुर में कार-ट्रक टक्कर में दो दर्शनार्थियों की मौत।

    2. चालक को झपकी आने से हुआ यह दर्दनाक हादसा।

    3. काशी से उन्नाव लौटते समय पांच लोग हुए हताहत।

    जागरण संवाददाता, जौनपुर। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सोमवार की सुबह काशी से उन्नाव लौट रहे दर्शनार्थियों की कार चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बस-वे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई।

    हादसे में 45 वर्षीय अखिलेश कुमार शुक्ल व 35 वर्षीय अंकित शुक्ल की मौत हो गई। अंकित के सगे भाई शोभित शुक्ल सहित तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हताहत उन्नाव जिले के हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

    गांधी नगर कालोनी निवासी सगे भाई अंकित शुक्ल उनके छोटे भाई शोभित शुक्ल, आवास विकास कालोनी निवासी अखिलेश कुमार शुक्ल, ईदगाह रोड गांधी नगर निवासी शोभित श्रीवास्तव व बेलंद मजरा खेड़ा मारवी निवासी संदीप मिश्र वैगन-आर कार संख्या यूपी 32 पीयू-5119 से शनिवार की सुबह उन्नाव से चलकर वाराणसी पहुंचे।

    होटल में रात्रि विश्राम करने के बाद रविवार की सुबह बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। दिन भर काशी घूमने के बाद रात में पुन: बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर उन्नाव के लिए चल दिए। भोर में लगभग पांच बजे कुल्हनामऊ में हाईवे किनारे स्थित नेता ढाबा के सामने लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक नंबर यूपी 44 एटी-3818 के पिछले हिस्से टकरा गई।

    खबरें और भी

    कार का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया। सभी बुरी तरह से घायल हो गए। ढाबा संचालक की जानकारी पर पर पास ही स्थित पुलिस बूथ पर तैनात सिपाहियों ने हादसे की सूचना बक्शा थाना प्रभारी प्रशांत सिंह को दी।

    मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों व क्रेन की सहायता से कार निकलवाने के बाद एंबुलेंस से पांचों को जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने अखिलेश शुक्ल व अंकित शुक्ल को देखते ही मृत घोषित कर दिया।

    थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया ट्रक व उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। हादसा स्थल पर टायर घसीटने जैसे कोई निशान नहीं थे। हादसे में घायल तीनों लोग पिछली सीट पर थे और उनके मुताबिक जिस समय हादसा हुआ वह नींद में थे। हालांकि कुछ देर पहले शोभित और संदीप के पूछने पर चालक ने नींद आने की बात से इनकार किया था। घायलों में शोभित शुक्ला की हालत गंभीर है।

    अखिलेश शिक्षक तो अंकित थे स्टेनो

    हादसे में मृत अखिलेश शुक्ल अचलगंज बदरका प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक, जबकि अंकित शुक्ल जिला न्यायालय में स्टेनो थे। घायल शोभित श्रीवास्तव व संदीप मिश्र भी परिषदीय विद्यालय में शिक्षक हैं। तीसरे घायल शोभित शुक्ल प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं।

    ढाबा संचालक ने दी पुलिस को जानकारी

    हल्की बूंदाबादी के बीच नेता ढाबा के सामने यह हादसा हुआ तो तेज आवाज से लोग सहम से गए। दौड़कर मौके पर पहुंचे संचालक ने फोन कर 112 व पास में पुलिस बूथ पर जानकारी दी। महज 10 मिनट के अंदर पुुलिस पहुंच गई। इस दौरान ट्रक चालक और खलासी भाग निकले। अपनी कार को अंकित खुद चला रहे थे।

    यह भी पढ़ें- अयोध्या में सावन मेला के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार, हाईवे पर थमेगी भारी वाहनों की रफ्तार