जौनपुर की 1734 ग्राम पंचायतों में लगेगा इन्फार्मेशन बोर्ड, हर योजना की मिलेगी जानकारी
जौनपुर की सभी 1734 ग्राम पंचायतों में अब इन्फार्मेशन बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर गांव में संचालित विकास योजनाओं, स्वीकृत कार्यों, उनकी लागत और प् ...और पढ़ें

1734 ग्राम पंचायतों में लगेगा इन्फार्मेशन बोर्ड।
HighLights
जौनपुर की 1734 ग्राम पंचायतों में लगेंगे इन्फार्मेशन बोर्ड।
विकास योजनाओं, लागत और प्रगति की जानकारी होगी प्रदर्शित।
पारदर्शिता बढ़ाने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने का उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जिले की सभी 1734 ग्राम पंचायतों में अब इन्फार्मेशन बोर्ड लगाए जाएंगे। बोर्ड पर गांव में संचालित विकास योजनाओं, स्वीकृत कार्यों, उनकी लागत, प्रगति और लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना तथा कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना है।
ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी सार्वजनिक होने से ग्रामीण यह जान सकेंगे कि उनके गांव में कौन-कौन से कार्य स्वीकृत हैं, किस योजना के तहत काम हो रहा है और उस पर कितनी धनराशि खर्च की जा रही है। इससे पंचायत स्तर पर जवाबदेही बढ़ने के साथ ही अनियमितताओं पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
प्रशासन की ओर से सभी ग्राम सभाओं में इन्फार्मेशन बोर्ड लगाने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर जल्द ही ब्लाकों व इसके बाद ग्राम पंचायतों में बैठक की जाएगी। इन्फार्मेशन बोर्ड को सार्वजनि स्थलों पर लगाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग कर सकें व इसका लाभ मिल सके।
ग्रामीणों को गांव में हुए विकास को जानने का पूरा हक है। इसी उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में इन्फार्मेशन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी। यह एक अच्छी पहल है, जिसे अमल में लाने का निर्देश दे दिया गया है। इसकी औपचारिक शुरुआत जल्द होगी। -सैमुअल पाल एन, जिलाधिकारी।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी अस्पतालों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, योगी सरकार ने जारी किए कड़े निर्देश