जौनपुर: स्कूल वैन में 19 बच्चों को बैठाकर साथी को ड्राइविंग सिखा रहा था चालक, पेड़ से टकराने पर 8 बच्चे घायल
जौनपुर में चालक की लापरवाही से ओवरलोड स्कूल वैन पेड़ से टकरा गई, जिससे आठ छात्र घायल हो गए और एक गंभीर रूप से घायल छात्रा को प्रयागराज रेफर किया गया। ...और पढ़ें
-1785358730848_m.webp)
सुजानगंज क्षेत्र के पढ़ुआ गांव में अनियंत्रित होने से खाई में लुढ़का एसएस पब्लिक स्कूल का वाहन
HighLights
ओवरलोड स्कूल वैन पेड़ से टकराई, आठ छात्र घायल।
एक छात्रा गंभीर, प्रयागराज रेफर, चालक गिरफ्तार।
वैन का बीमा-फिटनेस फेल, स्कूल पर भी कार्रवाई।
जागरण संवाददात, जौनपुर। बेलवार गांव में स्थित एसएस पब्लिक स्कूल की ओवरलोड वैन बुधवार की सुबह करीब आठ बजे चालक की लापरवाही के कारण पढुआ गांव के पास पेड़ से टकराकर लुढ़क गई। हादसे में कुल आठ छात्र घायल हो गए।
सभी को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से एक छात्रा को रेफर कर दिया गया। उसके सिर में चोट लगी है। थानाध्यक्ष खुद अपनी गाड़ी से उसे प्रयागराज लेकर गए। सेवन सीटर वैन में 19 बच्चों को ठूस कर भरा गया था। स्कूल वैन को सीज करते हुए चालक हिरासत में है। साथ ही उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
वैन शिवरिया, बालामऊ और कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। उसमें एक शिक्षक भी सवार थे। बस में छोटे बड़े कुल मिलाकर 19 लोग सवार थे। नियमित चालक जमालपट्टी निवासी अरुण रास्ते में अपने एक साथी को वाहन सिखाने लगा।

पढुआ गांव के पास वैन पहुंची थी तभी सड़क किनारे पेड़ से टकराकर वैन लुढ़क गई। आसपास के लोगों ने शीशा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला और सीएचसी सुजानगंज पहुंचाया गया। वहां गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय कल्लू यादव के पुत्र अभी यादव को एसओ अमित पांडेय अपने वाहन से प्रयागराज लेकर गए।
खबरें और भी
शिक्षिका संध्या यादव और छात्रा श्रेजा यादव को जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्कूल वाहन प्रतापगढ़ के रानीगंज निवासी बजरंगी के नाम पंजीकृत है। वाहन का एश्योरेंस के साथ फिटनेस भी फेल है। साथ ही यह स्कूल वाहन के रूप में पंजीकृत भी नहीं है। विद्यालय के प्रबंधक संतोष पाठक ने बताया कि वैन में 16 बच्चे ही सवार थे। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय की वैन नहीं है।
यह भी पढ़ें- बेगमपुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से लखनऊ आ रही थीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जौनपुर में मालगाड़ी का इंजन हो गया फेल
ये बच्चे हुए घायल
घटना में 11 वर्षीय कक्षा चार की छात्रा श्रेजा यादव, 10 वर्षीय कक्षा तीन की अक्षरा यादव, यूकेजी की छात्रा छह वर्षीय अनन्या यादव , एलकेजी की पांच वर्षीय सान्वी यादव, कक्षा छह की 13वर्षीय सुहानी, कक्षा सात की उन्नति, कक्षा चार की नौ वर्षीय आयुषी यादव घायल हो गईं।
वैन प्रतापगढ़ में पंजीकृत है। चालक का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। एंश्योरेंस के साथ ही फिटनेस भी फेल होने पर एआरटीओ प्रतापगढ़ को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।- सत्येंद्र सिंह, एआरटीओ
विद्यालय की मान्यता आठवीं तक है। अमान्य वाहन से बच्चों को ढोए जाने का मामला गंभीर है। नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। साथ ही नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।- समीर, बीएसए