जौनपुर की माटी का लाल अरुण तंजानिया में चमका, क्रिकेट में हासिल किया ये खास मुकाम
जौनपुर के अरुण यादव ने अफ्रीका के तंजानिया में क्रिकेट में विशेष मुकाम हासिल किया है। मुंबई में 10 साल खेलने के बाद, वे तंजानिया गए जहां उन्होंने अंडर ...और पढ़ें
-1774087140447_m.webp)
अरुण यादव
जागरण संवाददाता, जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के सरायगुंजा निवासी अरुण यादव ने अफ्रीका महाद्वीप के तंजानिया देश से क्रिकेट खेलते हुए सिर्फ मुकाम ही नहीं हासिल किया बल्कि जनपद को भी गौरवान्वित किया है।
सरायगुंजा गांव की माटी से निकले 33 वर्षीय अरुण यादव मुंबई में डीवाई पाटिल क्लब की ओर से 10 वर्षों तक खेले। इतना ही नहीं, प्रथम श्रेणी में मुंबई की तरफ से टी 20 मैच भी दायें हाथ के ऑलराउंडर के रूप में खेला, जिसमें दिग्गज क्रिकेटर रोहित शर्मा भी थे।
वह वर्ष 2024 में तंजानिया चले गए, जहां छह माह तक अंडर 19 महिला टीम के कोच रहे। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चयन हो गया। वहां उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। अब तक खेले गए 11 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 421 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।
गेंदबाजी में भी उन्होंने छह विकेट लेकर टीम को कई अहम मौकों पर सफलता दिलाई है। अरुण की उपलब्धियों में जर्मनी के खिलाफ लिया गया हैटट्रिक विकेट विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके इस प्रदर्शन से न केवल उनके गांव बल्कि पूरा जनपद गर्व महसूस कर रहा है।
भारत में चयन न होने पर गये थे तंजानिया
दाए हाथ के ऑलराउंडर अरुण यादव दस वर्षों तक भारतीय टीम का हिस्सा बनने के लिए कड़ी मेहनत करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः तंजानिया चले गए। जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मुकाम हासिल किया।
कड़ी मेहनत से मिलती है सफलता
अरुण ने क्षेत्र के युवाओं को सफल होने के लिए कड़ी मेहनत करने का मंत्र दिया। कहा कि ईमानदारी से मेहनत करने पर ही सफलता कदम चूमती है। मुझे भी 32 वर्ष की उम्र में जाकर मुकाम मिला है। इस लिए हार कभी मत मानिए।