Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वांचल के खिलाड़ियों को निखारेगा VBSPU का इनडोर स्टेडियम, नेशनल लेवल की तैयारी का बनेगा केंद्र

    Updated: Sat, 16 May 2026 08:38 PM (IST)

    वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का नया इनडोर स्टेडियम पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण और सुविधाओं के नए द्वार खोलेगा। यह स्टेड ...और पढ़ें

    AI जेनेरेटेड फोटो।

    AI जेनेरेटेड फोटो।

    HighLights

    1. पूर्वांचल के खिलाड़ियों को मिलेगी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा।

    2. बैडमिंटन, बास्केटबॉल सहित कई इंडोर खेलों की होगी ट्रेनिंग।

    3. विश्वविद्यालय करेगा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी, खेल संस्कृति को बढ़ावा।

    जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित इनडोर स्टेडियम पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला साबित होगा। अब तक संसाधनों और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में जिले व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक प्रतिभाएं पीछे रह जाती थीं, लेकिन यह स्टेडियम खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण, प्रशिक्षित कोचिंग और राष्ट्रीय स्तर की तैयारी का मंच प्रदान करेगा।

    विश्वविद्यालय प्रशासन की योजना है कि स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबाल, टेबल टेनिस, वालीबाल समेत विभिन्न इंडोर खेलों की नियमित ट्रेनिंग कराई जाए। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए फिटनेस, अभ्यास और प्रतियोगिताओं की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को भी लाभ मिलेगा।

    इसी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय परिसर में बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) की कक्षाएं भी शुरू होने जा रही हैं, जिससे खेल शिक्षा को नई दिशा मिलेगी और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ शैक्षणिक अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे।

    इनडोर स्टेडियम तैयार होने से विश्वविद्यालय राष्ट्रीय एवं अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी कर सकेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने का अवसर मिलेगा और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

    खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक संसाधन मिलने पर पूर्वांचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। स्टेडियम केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का केंद्र भी बनेगा।

    खबरें और भी

    ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय का यह प्रयास पूर्वांचल में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    निर्मित इनडोर स्टेडियम जिले ही नहीं बल्कि पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला होगा। इससे पूर्वांचल की प्रतिभाओं के साथ न्याय हो सकेगा। -केशलाल, कुल सचिव।