Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेतवा पुल पर डम्पर की टक्कर से सेवानिवृत्त ARTO अकाउंटेंट की मौत, साथी कर्मचारी घायल

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 07:07 PM (IST)

    सेवानिवृत्त एआरटीओ अकाउण्टेण्ट की हमीरपुर में बेतवा पुल पर डम्पर की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनके साथी कर्मचारी घायल हो गए। अन्य घटनाओं में, दो महिलाए ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. बेतवा पुल पर डम्पर की टक्कर से सेवानिवृत्त अकाउण्टेण्ट की मौत।

    2. हादसे में साथी कर्मचारी घायल, डम्पर चालक मौके से फरार।

    3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, फरार चालक की तलाश जारी।

    जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर-सागर हाइ-वे स्थित बेतवा नदी के पुल पर बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एआरटीओ विभाग के सेवानिवृत्त अकाउण्टेण्ट की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक चला रहे विभाग के एक अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारी घायल हो गए। हादसे के बाद डम्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

    जानकारी के अनुसार बाँदा निवासी 74 वर्षीय मंजूर अहमद एआरटीओ विभाग में अकाउण्टेण्ट पद से सेवानिवृत्त थे। विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण समय-समय पर उनसे कार्यालयीन कार्यों में सहयोग लिया जाता था। बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे वह विभाग के ही सेवानिवृत्त कर्मचारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के साथ बाइक से एआरटीओ कार्यालय से बस स्टैण्ड की ओर जा रहे थे।

    इसी दौरान बेतवा नदी के पुल पर पीछे से तेज रफ्तार डम्पर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठे मंजूर अहमद सड़क पर सिर के बल गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे ब्रजेश कुमार त्रिपाठी घायल हो गए।

    घटना के बाद दोनों को ऐम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने मंजूर अहमद को मृत घोषित कर दिया। घायल ब्रजेश कुमार का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में एआरटीओ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार डम्पर और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    बाइक अनियन्त्रित होकर गिरी, दो महिलाएं गम्भीर रूप से घायल

    कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढ़ोरी निवासी दो महिलाएं बुधवार को बाइक से कस्बे आते समय हादसे का शिकार हो गईं। बाइक का सन्तुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गईं।

    जानकारी के अनुसार ग्राम पढ़ोरी निवासी कमला (62) पत्नी कल्लू और शकुंतला (57) पत्नी रामकिशन अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से मौदहा आ रही थीं। रास्ते में अचानक बाइक अनियन्त्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद कमला की हालत गम्भीर होने पर उसे सदर अस्पताल रिफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों महिलाओं को गम्भीर चोटें आई हैं।

    किशोर ने सल्फास खाकर की जान देने की कोशिश, हालत नाजुक

    बिंवार थाना क्षेत्र के ग्राम कुनेहटा में बुधवार को एक किशोर ने अज्ञात कारणों के चलते सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रिफर कर दिया गया।

    जानकारी के अनुसार ग्राम कुनेहटा निवासी निश्छल (15) पुत्र प्रशान्त कुमार ने अज्ञात कारणों से सल्फास का सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल मौदहा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुँचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद किशोर की हालत गम्भीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल रिफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस एवं परिजन घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगे हैं।