झांसी में सीपरी ओवरब्रिज पर आमने-सामने भिड़ीं बाइक और स्कूटी, 2 युवकों की मौत
झांसी के सीपरी ओवरब्रिज पर देर रात स्कूटी और बाइक की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।
जागरण संवाददाता, झांसी। सीपरी ओवरब्रिज पर गुरुवार देर रात लगभग 1:30 बजे स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सीपरी बाजार स्थित आर्य कन्या चौराहे के पास रहने वाला रुद्राक्ष वाजपेयी (22) अपनी स्कूटी से इलाइट चौराहे की ओर से सीपरी जा रहे थे। दूसरी ओर रानी लक्ष्मीनगर रेलवे कॉलोनी निवासी सक्षम (20) अपने मित्र बरुआसागर निवासी सोमिल के साथ बाइक से जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन सीपरी ओवरब्रिज पर पहुंचे, उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद तीनों युवक कई मीटर दूर जा गिरे। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मसीहागंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने रुद्राक्ष और सक्षम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोमिल को गम्भीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मेडिकल कॉलिज पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मसीहागंज चौकी प्रभारी साजेश कुमार ने बताया कि सीपरी ओवरब्रिज पर आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि तीसरा युवक घायल है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।