विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग पति-पत्नी की मौत, बंद मकान में सड़े-गले मिले शव, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

Published: Sun, 30 Aug 2026 12:39 AM (IST)

झांसी के गोविंदपुरी में एक बुजुर्ग दंपति के शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जो करीब चार-पांच दिन ...और पढ़ें

बंद मकान में मिले सड़े-गले शव।

बंद मकान में मिले सड़े-गले शव।

जागरण संवाददाता, झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में पहूज नहर के पास गोविन्दपुरी में एक बुजुर्ग दंपति के शव घर के अन्दर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। शव करीब चार-पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं और बुरी तरह फुल चुके थे। शनिवार शाम बेटे के घर पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। मुख्य गेट अंदर से बंद होने और आवाज देने पर भी कोई जवाब न मिलने पर बेटे ने दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान के रास्ते घर में प्रवेश किया।

अंदर एक कमरे में 70 वर्षीय पिता विश्वनाथ और 65 वर्षीय मां भुवन देवी के शव पड़े थे। सूचना पर सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सीओ सिटी रामवीर सिंह और एसपी सिटी प्रीति सिंह भी पहुंचीं। मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।

25 अगस्त को दोनों थे स्वस्थ

विश्वनाथ और भुवन देवी इसी मकान में रहते थे, जबकि उनका बेटा जगपाल पत्नी और बच्चों के साथ मसीहगंज स्थित दूसरे मकान में रहता है। जगपाल के अनुसार वह 25 अगस्त या उससे कुछ पहले माता-पिता से मिलने आया था। उस समय दोनों स्वस्थ थे और मकान में निर्माण कार्य भी चल रहा था। इसके बाद वह अपने घर चला गया। शनिवार शाम वह दोबारा माता-पिता से मिलने पहुंचा तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला।

काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर वह रोशनदान के रास्ते घर के अन्दर पहुंचा, जहां एक कमरे में माता-पिता के शव पड़े मिले। शवों से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

चार-पांच दिन के अंतराल ने बढ़ाया रहस्य

पुलिस की प्रारम्भिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। ऐसे में 25 अगस्त को दोनों के स्वस्थ होने और शनिवार को शव मिलने के बीच क्या हुआ, यह जांच का अहम सवाल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मकान में चल रहे निर्माण कार्य से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

किरायेदार भी लापता

मकान के एक हिस्से में एक किरायेदार भी रहता था। घटना सामने आने के बाद वह मौके पर नहीं मिला। उसे फोन किया गया तो मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। पुलिस उसकी तलाश कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय वह कहां था और बुजुर्ग दंपति के बारे में उसे कोई जानकारी है या नहीं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल उसकी भूमिका को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है।

मौत या हत्या, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

घर में दंपति के शव मिलने और मुख्य गेट अन्दर से बन्द होने के कारण कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हत्या समेत सभी सम्भावित पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति और लूट के उद्देश्य से वारदात की आशंका को लेकर भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दंपति की मौत के बाद घर का दरवाजा अन्दर से बन्द कैसे रहा और घर के भीतर संघर्ष या अन्य असामान्य परिस्थितियों के कोई साक्ष्य मिले हैं या नहीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घर में निर्माण कार्य के बीच अचानक थम गई जिंदगी

जिस मकान में विश्वनाथ और भुवन देवी रहते थे, वहां इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा था। पुलिस अब यह जानकारी जुटा रही है कि बुजुर्ग दंपति से आखिरी बार किसकी मुलाकात हुई थी, निर्माण कार्य में लगे लोग कब तक वहां आते-जाते रहे और घटना से पहले घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था। इन्होंने कहा'घटना की सूचना जगपाल ने दी थी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।'- प्रीति सिंह एसपी सिटी, झांसी

यह भी पढ़ें- झांसी: नदी में नहाने गए युवक को खींच ले गया मगरमच्छ, दो घंटे के रेस्क्यू में नहीं मिला सुराग