जालौन में 6 साल पूजा-पाठ करता रहा रामस्वरूप, शादी वाले दिन युवती को लेकर हुआ था फरार; ढोंगी बाबा गिरफ्तार
झांसी के रक्सा में एक ढोंगी बाबा रामस्वरूप आचार्य को युवती को भगा ले जाने के आरोप में गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

HighLights
ढोंगी बाबा रामस्वरूप आचार्य झांसी में युवती भगाने के आरोप में गिरफ्तार।
6 साल तक गांव में बाबा बनकर पूजा-पाठ करता रहा।
युवती की शादी वाले दिन उसे बहला-फुसलाकर ले गया था।
जागरण संवाददाता, झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के एक गांव में 6 वर्ष तक बाबा बनकर रहना और मन्दिरों में पूजा-पाठ करना एक युवक को रास आया, लेकिन इसी दौरान वह गांव की एक युवती को अपने साथ भगा ले गया। युवती के लापता होने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो बाबा की भूमिका सामने आई। नौ माह बाद पुलिस ने जालौन निवासी रामस्वरूप आचार्य को रक्सा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जालौन के नदीगांव निवासी रामस्वरूप आचार्य छह साल पहले बाबा के रूप में रक्सा के एक गांव में पहुंचा और वहीं मन्दिर पर ठहर गया। वह छह साल तक मन्दिरों में पूजा-पाठ करता रहा। गांव में उसकी अच्छी पैठ हो गई थी। उसने गांव में भागवत कथा भी करवाई थी। इसी दौरान उसी गांव की एक युवती से उसकी नजदीकी बढ़ गई।
शादी वाले दिन युवती को लेकर हुआ फरार
22 दिसम्बर 2025 को गांव में एक शादी थी। इसी दिन रामस्वरूप उस युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। युवती के घर न लौटने पर परिजनों ने जनवरी में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
यह भी पढ़ें- कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: फरार मुख्य आरोपी की पत्नी कहकशा गिरफ्तार, अवैध बारूद गोदाम ध्वस्त
शुरूआती जांच में गांव के कुछ लोगों पर सन्देह हुआ, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने युवती और सन्दिग्ध लोगों के मोबाइल नम्बरों की कॉल डिटेल खंगाली। जांच आगे बढ़ी तो रामस्वरूप की भूमिका सामने आई। तलाश में पुलिस ने उसकी लोकेशन पर नजर रखी। रक्सा के पास लोकेशन मिलने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में स्वीकार की युवती को ले जाने की बात
सीओ (सदर) प्रिया सिंह के अनुसार आरोपी ने युवती को अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। युवती को बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
