विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में भाई को राखी बांधने आई बहन को कार ने रौंदा, इलाज के दौरान तोड़ा दम; 11 लोग घायल

Published: Wed, 02 Sep 2026 05:05 PM (IST)

झांसी में रक्षाबंधन पर मायके आई 24 वर्षीय गर्भवती पलक की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार बेकाबू ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. रक्षाबंधन पर मायके आई पलक की हादसे में मौत।

  2. तेज रफ्तार कार ने आइसक्रीम ठेले के पास रौंदा।

  3. तीन माह की गर्भवती पलक ने अस्पताल में दम तोड़ा।

जागरण संवाददाता, झांसी। भाई की कलाई पर राखी बांधने और मायके वालों के साथ रक्षाबन्धन की खुशियां साझा करने आई 24 वर्षीय पलक को क्या पता था कि यह सफर उसकी जिन्दगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

सोमवार (31 अगस्त) की रात परिवार के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद वह आइसक्रीम लेने के लिए सड़क किनारे खड़ी हुई थी। तभी तेज रफ्तार बेकाबू कार ने आइसक्रीम के ठेलीमे समेत वहां खड़े लोगों को रौंद दिया।

चीख-पुकार और भगदड़ के बीच लगभग 11 लोग घायल हुए थे। गम्भीर रूप से घायल पलक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह 3 माह की गर्भवती थी। उसका विवाह डेढ वर्ष पहले 30 अप्रैल 2025 को हुआ था।

आइसक्रीम के लिए सड़क किनारे खड़े थे परिजन

ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र स्थित ग्राम सुनौर निवासी पलक (24) पत्नी विक्रान्त सिंह बघेल सोमवार शाम अपने मायके खुशीपुरा आई थी। परिवार के 10-11 सदस्य नवाबाद क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुँचे। सभी ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद परिवार के सदस्य रेस्टोरेंट के बाहर सड़क किनारे आइसक्रीम की ठेले के पास खड़े हो गए।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियन्त्रित होकर वहाँ पहुँची। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार ने पहले सड़क किनारे खडे आइसक्रीम के ठेले को टक्कर मारी और फिर वहां मौजूद लोगों को चपेट में ले लिया। एक के बाद एक कई लोग गिरते चले गए। हादसे में पलक समेत लगभग 11 लोग घायल हो गए।


पलक को गम्भीर चोटें, अस्पताल में थम गई सांस

पलक को गम्भीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। पलक तीन माह की गर्भवती थी। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। पलक के पिता सुदामा सिंह ने बताया कि हादसे में उनके परिवार के 3 लोग घायल हुए हैं। उनकी पत्नी के पैर में गम्भीर अन्दरूनी चोट आई है। परिवार के एक अन्य सदस्य के हाथ में चोट और सूजन है।

एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारती गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उसे नियन्त्रित नहीं कर सका। परशुराम चौक के पास कार ने एक के बाद एक ई-रिक्शा, कार और मोटरसाइकिल सवारों को भी टक्कर मार दी। आइसक्रीम का ठेला लगाने वाला व्यक्ति भी गम्भीर रूप से घायल हुआ है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं निर्मला यादव, मदन मोहन पांडे और महेश भागचंदका? जिनकी श्रीराम मंदिर ट्रस्ट में हुई नियुक्ति

सीपरी बाजार निवासी प्रियांशु भी अपने परिवार के 5 सदस्यों के साथ वहां जन्मदिन मनाने आये थे। उसका परिवार भी कार की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद कार पलट गई। परिवार के लोगों का आरोप है कि कार में 4-5 लोग सवार थे और हादसे के बाद कुछ लोग मौके से भाग निकले।

नगर निगम गेट के पास पकड़ा गया चालक

हादसे की सूचना मिलते ही नवाबाद पुलिस मौके पर पहुँच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के अनुसार कार चालक चिरगाँव निवासी शिवान को नगर निगम गेट के पास से पकड़ लिया गया। पुलिस ने पलक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।