झांसी के आसमान में अचानक मंडराया हजारों चमगादड़ों का झुंड, मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए लोग
झांसी के प्रेमनगर क्षेत्र में रविवार शाम हजारों चमगादड़ों का झुंड आसमान में मंडराता दिखा, जिसे देखकर लोग हैरान रह ...और पढ़ें

आसमान में दिखा चमगादड़ों का झुंड।
HighLights
झांसी के प्रेमनगर में हजारों चमगादड़ों का झुंड दिखा।
लोगों ने इस अनोखे नजारे को मोबाइल में कैद किया।
विशेषज्ञों ने इसे पर्यावरण के लिए अच्छा संकेत बताया।
जागरण संवाददाता, झांसी। प्रेमनगर क्षेत्र के गरिया फाटक में रविवार शाम उस समय लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं, जब अचानक हजारों की संख्या में चमगादड़ों का झुण्ड आसमान में मँडराता दिखाई दिया। इतनी बड़ी संख्या में चमगादड़ों को देखकर लोग आपस में चर्चा करते रहे कि आखिर इतनी तादाद में चमगादड़ अचानक कहां से आ गईं।
शाम लगभग 6:45 बजे आसमान में काले बादलों की तरह उड़ता चमगादड़ों का झुण्ड काफी देर तक लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना रहा। गरिया फाटक से गुजर रहे राहगीर भी कुछ देर रुककर इस अनोखे नजारे को देखते नजर आए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से चमगादड़ों के झुण्ड का वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं।
लोगों के मुताबिक एक साथ इतनी बड़ी संख्या में चमगादड़ दिखाई देने का नजारा इससे पहले कम ही देखने को मिला है। पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सोनिका कुशवाहा कहती हैं कि प्रेमनगर क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में चमगादड़ों की संख्या बढ़ी है। मौसम खराब होने और रुक-रुक हो बारिश के कारण यह एक साथ निकल आ गये।
इस क्षेत्र में अंधेरा होने पर अमूमन चमगादड़ खूब निकलते हैं। इस क्षेत्र में हरियाली के साथ पेड़ों की तादाद भी खूब है, जिस कारण इन्हें आसानी से भोजन मिल जाता है। इतनी तादाद में एक साथ इन सभी का निकला अच्छा संकेत है। प्रभागीय वनाधिकारी विकास यादव ने बताया कि अधिक संख्या में इनका नजर आना पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर है।
जहां पर्यावरण बेहतर होता है, वहीं अधिकांश तादाद में यह चमगादड़ अपना निवास बना लेते हैं। विभाग इनके स्थलों की निगरानी कराता है। अमूमन मौसम खराब होने और बारिश होने या अन्य वजहों से यह बाहर निकल आते हैं। इनका अचानक आकर आसमानों में मंडराना अच्छा संकेत माना जाता है।
