विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में कच्चा घर गिरने से मलबे में दबा परिवार, धमाके की आवाज सुन पड़ोसियों ने निकाला, 5 घायल

Updated: Sat, 22 Aug 2026 05:01 PM (IST)

कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के ककरघटा गांव में शुक्रवार रात एक कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। हादसे के वक्त परिवार खाना खा रहा था; दो बच्चों की हालत गंभीर है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. लेखपाल ने तहसील प्रशासन को भेजी रिपोर्ट, मुख्यमंत्री आवास का भरोसा 

  2. मलबे में गृहस्थी व अनाज समेत अन्य सामान नष्ट, पड़ोसी के घर पर ठिकाना 

संवाद सूत्र, ठठिया (कन्नौज)। बारिश की नमी के कारण कच्ची दीवारों के साथ छत ढ़ह गई। इससे मकान के मलबे में परिवार के पांच लोग दब गए। पड़ोसियों ने धमाके की आवाज सुनी तो बचाव में जुट गए। स्वजन को मलबे से निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर हालत में सुधार हो गया था।

शुक्रवार रात करीब नौ बजे थाना क्षेत्र के ककरघटा गांव निवासी 32 वर्षीय बृजेश कुमार अपनी पत्नी 30 वर्षीय गुड्डी देवी, 10 वर्षीय बेटा अभय, छह वर्षीय अश्वनी और तीन वर्षीय शिवा के साथ अपने कच्चे पुस्तैनी घर में एक साथ भोजन कर रहे थे। तभी बारिश के कारण नमी पकड़ चुकी दीवारें ढह गई। छत भी गिर गई और मलबे में पांचों लोग दब गए।

पांचों लोग जाग रहे थे। इससे शोर मचाया और घर गिरने से तेज धमाका भी हुआ। इससे आसपास के लोग बचाव के लिए पहुंच गए। पांचों लोगों को मलबे से बाहर निकाला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही पांचों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार हो गया था। शनिवार सुबह पांचों लोग घर लौट आए।

मलबे में गृहस्थी, अनाज, कपड़े समेत अन्य सामान दबने से नष्ट हो गया। बृजेश ने बताया कि मिनी सचिवालय में प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी तक आवास की धनराशि नहीं मिल सकी। नायब तहसीलदार अमित पाठक ने पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जल्द ही आवास दिलाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- आज का कानपुर मंडी भाव 22 अगस्त: गेहूं, चावल, दाल और Gold-Silver Price

यह भी पढ़ें- कन्नौज के पीएमश्री कंपोजिट स्कूल में लगी ‘डीएम की पाठशाला’, बच्चों के बीच बने शिक्षक