कन्नौज में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक को मिनी ट्रक ने कुचला, पांच घंटे तक जाम किया तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग
सेना भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवा सत्यम राजपूत को कन्नौज में दौड़ते समय एक मिनी-ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए परिजनो ...और पढ़ें
-1785149462970_m.webp)
युवक की मौत के बाद प्रदर्शन करते परिजन व ग्रामीण। जागरण
HighLights
भगाने के प्रयास में ट्रक के टैंक और टायरों के बीच में फंसा शव
स्वजन ने शव रख पांच घंटे तक जाम किया तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग
हादसे के बाद बिजली पोल से टकराया ट्रक, चालक हुआ फरार
संवाद सहयोगी, तिर्वा(कन्नौज)। सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का जज्बा लिए सुबह दौड़ लगा रहे युवक को मिनी ट्रक ने कुचल दिया। इससे मौके पर युवक की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए स्वजन और ग्रामीणों ने शव रखकर हंगामा करते हुए तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। पांच घंटे बाद मौके पर पहुंचे ऊर्जा राज्यमंत्री ने स्वजन को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कराया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने लगे जाम को खुलाया।
तिर्वा कोतवाली के अहेर के परसोहा गांव निवासी 20 वर्षीय सत्यम राजपूत पुत्र महिपाल राजपूत सोमवार सुबह सुबह करीब पांच बजे अपने दोस्तों के साथ तिर्वा-इंदरगढ़ राेड पर बछर्ज्जापुर गांव के पास दौड़ का अभ्यास कर रहा था। इस दौरान तिर्वा से इंदरगढ़ की ओर जा रहे मिनी ट्रक (चेसिस ट्रक) के चालक को झपकी आ गई। इससे रोड किनारे दौड़ रहे सत्यम राजपूत को मिनी ट्रक ने कुचल दिया।
चालक ने जब भागने का प्रयास किया, तो सीएनजी टैंक और आगे टायर के बीच में सत्यम का शव फंसकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस बीच रोड किनारे लगे बिजली के पोल से मिनी ट्रक टकरा कर खड़ा हो गया। इससे चालक मिनी ट्रक को छोड़कर भाग निकला। हादसे से आक्रोशित स्वजन और गांव के लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर शव रख दिया और हंगामा कर जाम लगा दिया।
मौके पर इंदरगढ़, ठठिया, तिर्वा पुलिस के साथ सीओ कुलवीर सिंह ने जाम खुलाने का प्रयास किया, तो ग्रामीणों की पुलिस अधिकारियों से कहासुनी होने लगी।इस दौरान इंदरगढ़-तिर्वा मार्ग दोनों से करीब दो किलोमीटर तक वाहनों का जाम लग गया। मामले की जानकारी मिलने पर ऊर्जा राज्यमंत्री व तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत अपने साथ ब्लाक प्रमुख अजय वर्मा और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद गुप्ता के साथ पहुंचे। यहां दिवंगत युवक सत्यम राजपूत के पिता महिपाल को चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
खबरें और भी
इससे 10 बजे आक्रोशित शांत हुए, तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर जाम खुलाया। एएसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि महिपाल राजपूत की तहरीर पर मिनी ट्रक के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। मामले की जांच कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
लाल को सेना की वर्दी में देखने का आंसुओं में बह गया ख्वाब
सड़क पर दौड़ लगा रहे अभ्यर्थी की मौत से परिवार बेसुध है। माता-पिता ने सेना की वर्दी में बेटे को देखने का ख्वाब संजोया था। हादसे के बाद आंसुओं में यह ख्वाब भी बह गया। दिवंगत सत्यम राजपूत के पिता महिपाल खेतीबाड़ी कर परिवार कर भरण-पोषण करते हैं। परिवार में सत्यम की मां मालती देवी, छोटा भाई अंकित राजपूत, बहन रंजना देवी है। वहीं बड़ी बहन वंदना की शादी हो चुकी। 2025 में सत्यम ने अग्निवीर सेना भर्ती में आवेदन किया था। परीक्षा में दो नंबर कम आने से उसका चयन नहीं हुआ था, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। दिन में चार से पांच घंटे पढ़ाई के साथ वह रोजाना दोस्तों के साथ दौड़ लगाने जाता था। सत्यम राजपूत की दौड़ भी अच्छी थी। इससे उसे यकीन था कि माता-पिता का वर्दी में देखने का वह सपना पूरा कर सकेंगे। भाई अंकित ने बताया कि बचपन से ही सत्यम में देश के प्रति जज्बा था। इससे अग्निवीर या सेना की अन्य भर्तियों में नौकरी करने की तैयारी की थी। सत्यम की मौत से माता-पिता का सपना टूट गया है।