कन्नौज में गाजियाबाद-कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत
कन्नौज में गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।

अमन उर्फ कृष्णा, अनुराग और आशीष, फाइल फोटो
HighLights
कन्नौज में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवकों की मौत।
युवक जन्माष्टमी की सजावट देखकर घर लौट रहे थे।
हादसा गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर हुआ।
जागरण संवाददाता, कन्नाैज। जन्माष्टमी की सजावट देख कर बाइक से घर लौट रहे तीन लोगों को गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे के डुंडवाबुजुर्ग अंडरपास पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस गुरसहायगंज के सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय तीनों घायलों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसा गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र का शुक्रवार रात करीब एक बजे का है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की चौकी मझपुर्वा के ग्राम बैसनपुर्वा निवासी 17 वर्षीय अनुराग सिंह पुत्र ब्रजेश सिंह, 17 वर्षीय आशीष पुत्र गौरव सिंह और 18 वर्षीय अमन उर्फ कृष्णा पुत्र घनश्याम शुक्रवार की रात बाइक से गुरसहायगंज में जन्माष्टमी की सजावट देखने के लिए गए थे।
देर रात करीब एक बजे घर लौटते समय गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे के ग्राम डुंडवाबुजुर्ग स्थित अंडरपास के निकट अज्ञात वाहन के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर घायल हो गए।
उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने तीनों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाते समय तीनों घायलों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। उधर चालक वाहन सहित भाग गया। मृतक अमन उर्फ कृष्णा थाना तालग्राम के अमोलर का रहने वाला है। वह बैसनपुर्वा स्थित अपनी ननिहाल आया था।
