Kannauj Blast: पटाखा बनाने के दौरान हुआ फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, एक की मौत; 3 पर केस, चौकी प्रभारी सहित 4 सस्पेंड
कन्नौज के बहबलपुर गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाते समय हुए जोरदार धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो ...और पढ़ें

पानी डालकर आग को बुझाता ग्रामीण व पुलिस कर्मी। जागरण
HighLights
बीड़ी पीते समय माचिस की लौ से धमाके की आशंका
पुलिस ने मुख्य आरोपित को दबोचा, दो की तलाश जारी
चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ (कन्नौज)। कन्नौज में अवैध रूप से पटाखा बनाते समय फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। इसमें पटाखा बना रहे एक युवक की मौत हो गई। आतिशबाज पिता को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो बेटे फरार हैं। वहीं, चौकी प्रभारी सहित चार को निलंबित कर दिया गया।
ग्राम बहबलपुर में निजी जमीन पर बिना लाइसेंस पटाखे बनाते समय धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि धुएं का गुबार उठ गया और सौ मीटर दूर तक कंकड़ जा गिरे। आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसने राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। विधायक, डीएम, एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

टिनशेड लगाकर अवैध तरीके से बना रहे थे पटाखा
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे नगर से सटे ग्राम बहबलपुर में राम सिंह डम्मर की खाली पड़ी जमीन पर टिनशेड लगाकर अवैध तौर पर पटाखे बनाने का कार्य चल रहा था, तभी धमाका हो गया। पटाखे बना रहे गांव के ही 55 वर्षीय शिव कुमार चिक पुत्र द्वारिकानाथ चिक झुलस गए।
ग्रामीणों ने बुझाई आग
पहले ग्रामीण उनके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। बाद में ग्रामीणों ने पहुंचकर उनको उठाकर सड़क पर पहुंचाया। जहां से एबुलेंस से 100 शैया अस्पताल भेजा गया। वहां से गंभीर हालत में मेडिकल कालेज भेजा गया। वहां उसकी शाम चार बजे मृत्यु हो गई। इधर ग्रामीणों ने पानी डालकर व सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाया।

आतिशबाज मालिक शिव कुमार गिरफ्तार
विधायक अर्चना पांडेय, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल से पटाखे बनवाने के आरोप में शिव कुमार सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया।
दो लोग बना रहे थे पटाखे, एक भाग निकला
पुलिस को आशंका है कि आतिशबाजी बनाने के दौरान बीडी पीने के लिए माचिस जलाकर फेंकते समय उसकी लौ से हादसा हुआ है। ग्रामीणों में चर्चा है कि पटाखे दो लोग मिलकर बना रहे थे, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा धमाके के बाद भाग निकला है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नमूने एकत्रित किए। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करेगी। पुराने मामलों को लेकर भी पुलिस छानबीन कर रही है।

डीएम, एसपी के आने से पहले हटवाई नेम प्लेट
आरोपित शिव कुमार सक्सेना के घर के बाहर एक नेम प्लेट लगी हुई थी, जिस पर उसके बेटे संतोष का नाम लिखा हुआ था। संतोष के नगर अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा भाजपा भी लिखा था। डीएम व एसपी के पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने इस नेम प्लेट को हंसिया से तुड़वाकर फिंकवा दिया।
पटाखों से भरी मिली लोहे की अलमारी
धमाके के बाद जब पुलिस ने सर्च आपरेशन शुरू किया तो शिव कुमार सक्सेना के घर की बैठक में रखी लोहे की अलमारी पटाखों से भरी मिली। इसके अलावा घर के सामने सामुदायिक शौचालय में भी बारूद जमा था। इसके अलावा घर के भंडार गृह व अन्य जगहों पर अवैध पटाखे व बारूद जमा होने की बात कही जा रही है।
आतिशबाज पिता-पुत्रों के विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज
पटाखों में धमाके से झुलस कर मरने वाले ग्राम बहबलपुर निवासी शिव कुमार चिक के पुत्र सूरज ने आतिशबाज शिवकुमार और उसके पुत्र संतोष निवासीगण ग्राम बहबलपुर के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थों में लापरवाही करने और उससे मृत्यु होने की धारा 288/106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरा मुकदमा बहबलपुर चौकी प्रभारी रावेन्द्र सिंह ने धारा 4/5 विस्फोटक अधिनियम 1908 के तहत शिवकुमार (गिरफ्तार) और उसके पुत्र संतोष (फरार) व महेश (फरार) के विरुद्ध दर्ज कराया है।
चौकी प्रभारी सहित चार निलंबित
एसपी विनोद कुमार ने देर रात चौकी प्रभारी रावेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, संदीप कुमार व कांस्टेबल अमित कुमार को लापरवाही व उदासीनता बरतने में निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी शिवकुमार के यहां से पटाखे बरामद हुए थे, जिसमें थाना छिबरामऊ पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसके बावजूद इनके द्वारा अवैध रूप से चल रहे पटाखे निर्माण को सही तरीके से चेक एवं सत्यापित नहीं किया गया, जिसके कारण पटाखों में विस्फोट और एक व्यक्ति की मृत्यु की घटना घटित हुई है।
