Kannauj Chhibramau MLA Report Card: परिवहन-स्वास्थ्य को मिली रफ्तार, आलू कारखाना बना ख्वाब
छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय ने 2022 से अब तक स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन सहित कई क्षेत्रों में विकास कार्य कराए हैं। हालांकि, आलू आधारित उद्योग स्थाप ...और पढ़ें

HighLights
विधायक निधि से 22.50 करोड़ के 268 विकास कार्य।
स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति।
आलू आधारित उद्योग का चुनावी वादा अभी अधूरा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पूर्व सहकारिता मंत्री स्वर्गीय रामप्रकाश त्रिपाठी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय ने वर्ष 2022 से अब तक क्षेत्रीय विकास पर काम किया है। विधायक निधि और सरकारी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर कार्य कराए गए हैं। जिले की इकलौती महिला विधायक अर्चना पांडेय ने कई विकास परियोजनाओं को गति दी, हालांकि आलू आधारित उद्योग की स्थापना का चुनावी वादा अभी पूरा नहीं हो सका है।
वर्ष 2022 से अब तक विधायक निधि से करीब 22.50 करोड़ रुपये की लागत से 268 विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें गांवों में इंटरलाकिंग सड़कें, छोटी और हाईमास्ट लाइटें, सामुदायिक इज्जतघर, पेयजल सुविधाएं, हैंडपंप, वाटर कूलर और तोरण द्वार का निर्माण शामिल है। छिबरामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हेल्थ एटीएम, अटल स्मृति भवन, नगला तालपार, कछपुर्वा, पूर्वी मड़ैया, कस्सावान और सुजात नगर में सांस्कृतिक भवन व बारातघर बनवाए गए। खुबरियापुर में नया बारातघर तथा पलिया, सैंसारपुर और अकबरपुर में महिला स्नान घाट बनाए गए। शिक्षा क्षेत्र में राजकीय महिला महाविद्यालय में सोलर प्लांट स्थापित कराया गया।
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए 5.74 लाख रुपये की लागत से पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। रमाबाई राजकीय बालिका इंटर कालेज में छात्राओं के लिए फर्नीचर की व्यवस्था की गई। धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के तहत चियासर स्थित च्यवन ऋषि आश्रम तथा जहांगीरपुर महोना के उद्दालक आश्रम में सरकार से 50-50 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए।
रोहली मंदिर परिसर में भंडारित होने वाले गेहूं की सुरक्षा के लिए टीनशेड भी बनवाया गया। स्वास्थ्य क्षेत्र में राजकीय महिला चिकित्सालय परिसर में 50 शैया मातृत्व विंग का निर्माण कराया गया। इससे गर्भवती महिलाओं को आपरेशन से प्रसव की सुविधा मिलने लगी है। परिवहन क्षेत्र में गुरसहायगंज में लंबे समय से लंबित रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण पूरा कराया गया। वहीं चियासर से हरदोई जनपद को जोड़ने वाले गंगा पुल के लिए प्रदेश सरकार से 288 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कराया गया है।
खबरें और भी
छिबरामऊ क्षेत्र आलू उत्पादन के लिए जाना जाता है। जिले में लगभग 56 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में हर वर्ष करीब 20.40 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन होता है। चुनाव के दौरान आलू आधारित प्रसंस्करण उद्योग स्थापित कर किसानों को बेहतर बाजार और आय उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, लेकिन यह योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ-साथ कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना को लेकर किसानों की उम्मीदें अभी भी बनी हुई हैं।
विधानसभा: छिबरामऊ
- कुल मतदाता- 3,81,397
- पुरुष मतदाता-2,09,532
- महिला मतदाता-1,71,858
- थर्ड जेंडर मतदाता-08
पहला चुनाव पहचान के आधार पर जीता जाता है, जबकि दूसरा चुनाव किए गए कार्यों और जनता के विश्वास पर निर्भर करता है। छिबरामऊ की जनता ने मुझे दो बार अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया है। मेरे कार्यकाल में लोगों की बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी से जुड़े कार्य कराए गए हैं। हालांकि विकास की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है और अभी कई कार्य पूरे किए जाने बाकी हैं। चिप्स फैक्ट्री के लिए पहले भी प्रयास किए गए थे। तब तत्कालीन सांसद सुब्रत पाठक और फर्रुखाबाद के विधायक के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर इस दिशा में पहल की गई थी, लेकिन आलू की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब इस दिशा में फिर से प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा नगर के मुख्य मार्ग निर्माण, जंक्शन निर्माण, छिबरामऊ व गुरसहायगंज को अतिक्रमण मुक्त कराने और फल-सब्जी मंडी स्थापित करने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और छिबरामऊ विकास की नई दिशा में आगे बढ़े।
- अर्चना पांडेय, विधायक छिबरामऊ
सदन में 13 सत्रों में 12 बार रहीं उपस्थित
विधानसभा के 13 सत्रों में से 12 में अर्चना पांडेय उपस्थित रहीं। उन्होंने तीन बार सदन में महिला सुरक्षा और सड़क हादसों की रोकथाम के मुद्दों पर चर्चा की है।
भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान छिबरामऊ विधानसभा में विकास की रफ्तार धीमी रही है। विधायक अपने कार्यकाल में कोई नई बड़ी योजना शुरू नहीं करा सकीं। स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा, किसान और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुए। हमारे कार्यकाल में सौ शैया अस्पताल, राजकीय महिला महाविद्यालय, आठ पावर हाउस और तालग्राम ब्लाक के गांवों में पेयजल व्यवस्था के लिए पानी की टंकियां बनवाई गई थीं। छिबरामऊ नगर पालिका को 24 करोड़ और गुरसहायगंज नगर पालिका को 22 करोड़ रुपये दिए गए थे। किसानों के साथ भाजपा सरकार ने केवल वादे किए हैं।
- अरविंद सिंह यादव, रनर अप प्रत्याशी 2022
भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है। अब रात में भी घर से निकलने में डर नहीं लगता। छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए गए हैं। सड़क से लेकर पानी तक बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। हालांकि सड़कों को अभी और गड्ढामुक्त करने की आवश्यकता है।
- पप्पू पेंटर, विशुनगढ़
अर्चना पांडेय ने मिघौली में आवासीय विद्यालय, पावर हाउस और स्टेडियम के निर्माण के साथ ही काली नदी पर पुल का निर्माण कराया है। इससे प्रेमपुर क्षेत्र से फर्रुखाबाद की दूरी कम होगी। हालांकि मेरे गांव में एक पुराना तालाब है, जिसकी सफाई की आवश्यकता है। कई बार मांग करने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
- मुकेश दुबे, माधौनगर
पांच वर्ष के कार्यकाल में छिबरामऊ विधायक ने कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कराए। गांवों में पानी की समस्या बनी हुई है और सड़कें भी खराब हैं। क्षेत्र की मुख्य फसल आलू है, लेकिन उचित भाव न मिलने से किसान परेशान हैं। विधायक ने आलू कारखाना लगाने का वादा किया था, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
- इच्छाराम, भारापुर
विधायक अर्चना पांडेय के दूसरे कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उम्र के इस पड़ाव में भी जिस सक्रियता के साथ वह आमजन के सुख-दुख में शामिल होती हैं, उससे लोगों में जनप्रतिनिधि के प्रति सकारात्मक भावना बनी है।
- गौरव त्रिपाठी, समाजसेवी