नेपाल से दिल्ली तक फैला है कन्नौज में पकड़े गए 15 करोड़ के सोना तस्करी का नेटवर्क, गोरखपुर में बदला था ड्राइवर
कन्नौज में ब्रेजा कार से 10 किलो सोना बरामदगी मामले में कस्टम विभाग की जांच में नेपाल से दिल्ली तक ...और पढ़ें

नेपाल से कार में लाया गया था 15 करोड़ का सोना।
HighLights
कन्नौज में ब्रेजा कार से 10 किलो सोना बरामद।
कस्टम जांच में नेपाल से दिल्ली तक नेटवर्क का खुलासा।
गोरखपुर में ड्राइवर बदलकर दिल्ली भेजा जा रहा था सोना।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। ब्रेजा कार से करीब 10 किलो 26 ग्राम सोना बरामद होने के मामले में कस्टम विभाग की जांच में ब्रेजा कार के नेपाल आने-जाने का रिकॉर्ड सामने आया है। अभिषेक नाम का चालक ब्रेजा कार लेकर शुक्रवार को नेपाल के महेशपुर बार्डर से सुबह 9:36 बजे नेपाल में दाखिल हुआ था। वहां उसने वाहन का 600 नेपाली रुपये का टैक्स भी अदा किया था।
कस्टम जांच में सामने आया कि चालक उसी दिन शाम करीब सात बजे महेशपुर बार्डर से भारत वापस लौटा। इसके बाद वह गोरखपुर पहुंचा। इसके बाद गोरखपुर में दूसरे चालक सोने की तस्करी में आरोपित महाराजगंज निवासी संदीप जायसवाल को कार सौंप दी थी।
संदीप ने नेपाल के सरोज पंत को कार में बैठाला और रास्ते में सात जिलों को पार किया। कन्नौज पहुंचने पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात पुलिस की टाटा सूमो से ब्रेजा कार टकरा गई थी।
जांच एजेंसियां अब वाहन की नेपाल यात्रा और वहां से कहां पर सोना कार में रखा जाता था और गोरखपुर से कन्नौज तक पहुंचने के बीच की गतिविधियों को भी खंगाल रही हैं।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया सोना नेपाल से कार में लोड होता था और दूसरे कार चालक के माध्यम से दिल्ली भेजा जाता था। दिल्ली पहुंचने पर ही चालक को बताया जाता था कि यह माल किसको सौंपा जाना है।
कार की आवाजाही से जुड़े दस्तावेज, बार्डर पर दर्ज विवरण और टैक्स भुगतान का रिकार्ड जांच में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। कस्टम अधिकारी पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही नेपाल यात्रा और कार में मिले सामान के बीच संबंध की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तालग्राम थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि पुलिस ने जब कार चालक संदीप के मोबाइल फोन को देखा तो उसमें से वाट्सएप डिलीट था, जिससे प्रतीत होता है कि उसने पुलिस को सुपुर्द करने से पहले ही वाट्सएप अनइनस्टाल कर दिया था।
अब कस्टम के अधिकारी उसके वाट्सएप को कवर करने के लिए वाट्सएप रिकवर करने वाले एक्सपर्ट का सहारा लेंगे, जिससे सोना तस्करों के गिरोह की जानकारी मिलने की संभावना है। इसके अलावा कस्टम की एक टीम नेपाल के महेशपुर बार्डर पर भी भेजी गई है जो वहां के सीसी टीवी कैमरा की फुटेज भी लेगी।
अखिलेश के एक्स पर आरोप को पुलिस ने नकारा
सोने की बरामदगी के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया। दावा किया कि कार से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्किट बरामद हुए थे, जबकि पुलिस ने केवल 10 बिस्किट दिखाए और बाकी 16 गायब कर दिए।
इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल से सोना बरामद होने के तत्काल बाद उच्चाधिकारियों और जीएसटी विभाग को सूचना दी गई थी।
विभागीय टीम की मौजूदगी में दोनों आरोपितों और बरामद सोने को थाने लाया गया। कस्टम विभाग के अधिकारियों के समक्ष भी आरोपितों ने 10 सोने की ईंटें ले जाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने 26 ईंटें बरामद होने के आरोप को गलत और निराधार बताया।
15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही कीमत
एसपी विनोद कुमार के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये है। बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद मामले की जांच में जीएसटी के बाद कस्टम विभाग को भी शामिल किया गया है। जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, इसे दिल्ली पहुंचाने वाले नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
थाना सकरावा में तैनात सरकारी वाहन टाटा सूमो गोल्ड के चालक लोकेंद्र सिंह ने सोना तस्कर संदीप जायसवाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। कार की टक्कर से टाटा सूमो गोल्ड में सवार थाना प्रभारी भागमल सिंह, हेड कांस्टेबल योगेश कुमार, कांस्टेबल मोहन दिवाकर, महिला कांस्टेबल रितु चाहर बाल-बाल बच गए थे।
